Salil Ankola Health: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज सलिल अंकोला (Salil Ankola) गंभीर अवसाद (Depression) से जूझ रहे हैं. उन्हें इलाज के लिए पुणे के पास एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर 2024 में अपनी मां को खोने के बाद ही सलिल अंकोला काफी परेशान चल रहे थे. वह अपनी मां से अलग होने का गम नहीं भुला पा रहे थे, जिसके चलते वह पूरी तरह अंदर से टूट गए थे. इसके बाद वह बार-बार बीमार होने लगे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पर उन्हें शांत और अच्छा वातावरण मिल सके.
बता दें कि सलिल अंकोला भारत के लिए इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. हालांकि उनका क्रिकेट करियर ज्यादा बड़ा नहीं रहा.
सचिन तेंदुलकर के साथी की बिगड़ी तबीयत
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सलिल अंकोलो की पत्नी रिया ने बताया कि मां के निधन के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे. हालांकि अच्छी बात यह है कि अब वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं. उन्होंने रेगुलर तरीके से वर्कआउट करना भी शुरू कर दिया है. रिया अंकोला ने बताया कि सलिल का पहला प्यार हमेशा से क्रिकेट रहा है और वह एक फाइटर रहे हैं. सलिल अंकोला हर बार मुश्किल से पहले से ज्यादा मजबूत होकर बाहर आते हैं.
शराब की लत भी लगी थी
डिप्रेशन से पहले सलिल अंकोला शराब की लत से भी जूझ चुके हैं. करीब दो दशक पहले सलिल अंकोला को शराब की बुरी लत लगी हुई थी, जिसके बाद उन्होंने रिहैबिलिटेशन सेंटर में अपना इलाज करवाया था. हालांकि रिपोर्ट में कहा गया कि सलिल अंकोली का मानसिक स्थिति में इसका कोई रोल नहीं है. उन्होंने काफी समय पहले ही शराब से किनारा कर लिया था.
कौन हैं सलिल अंकोला?
पूर्व तेज गेंदबाद सलिल अंकोला ने साल 1989 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ सचिन तेंदुलकर के साथ डेब्यू किया था. उन्होंने अपने करियर में सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेला है, जिसमें उनके नाम 2 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा सलिल अंकोला ने भारत के लिए 20 वनडे मैच भी खेले हैं, जिनमें उनके नाम 13 विकेट दर्ज हैं. सलिल अंकोला का इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने खूब धमाल मचाया.
मुंबई के इस तेज गेंदबाज ने फर्स्ट क्लास में 54 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 181 विकेट दर्ज हैं. सलिल अंकोला ने सिर्फ 28 साल की उम्र में ठुड्डी में ट्यूमर के कारण क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सलिल अंकोला ने भारतीय टीम के सेलेक्टर के तौर पर भी काम किया. उन्होंने जनवरी 2023 से अगस्त 2024 तक यह जिम्मेदारी संभाली.
फिल्मों में भी किया काम
सलिल अंकोला ने क्रिकेट के बाद कई फिल्मों और टीवी शो सीआईडी में भी काम किया. वह कई टीवी सीरियल और फिल्मों में नजर आए, जिसमें उन्होंने अपनी मौजूदगी से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इसकी वजह से उन्हें एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भी अच्छी खासी पहचान मिली.