Question Raising on Vaibhav Sooryavanshi Vice Captaincy: गुजरात के पूर्व और वेस्ट जोन के ओपनिंग बल्लेबाज प्रियंक पांचाल ने दिलीप ट्रॉफी के लिए वैभव सूर्यवंशी को ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाए जाने पर सवाल उठाए हैं. उनका मानना है कि सेलेक्टर्स को इतनी कम उम्र में वैभव को नेतृत्व की जिम्मेदारी देने से बचना चाहिए था. पांचाल के अनुसार, इससे युवा खिलाड़ी पर खेल के साथ-साथ कप्तानी से जुड़ा अनावश्यक दबाव भी आ सकता है.
वैभव सूर्यवंशी को दिलीप ट्रॉफी में ईशान किशन के नेतृत्व वाली ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाया गया है. यह फैसला उस समय आया है जब वैभव हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन करके लौटे हैं. उन्होंने तीन टी20 मैचों में कुल 151 रन बनाए थे. सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने 81 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. लेकिन उन्हें उपकप्तानी दिए जाने से पूर्व क्रिकेटर खुश नहीं है.
प्रियंक पांचाल ने फैसले पर उठाए सवाल
पांचाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईस्ट जोन के सेलेक्टर्स वैभव को उपकप्तान बनाने से बच सकते थे. उनका कहना है कि वैभव को अभी अंतरराष्ट्रीय और बड़े स्तर के क्रिकेट की चुनौतियों को समझने और खुद को स्थापित करने पर ध्यान देना चाहिए. इतनी कम उम्र में नेतृत्व की अतिरिक्त जिम्मेदारी उनके लिए दबाव बढ़ा सकती है.
सेलेक्टर्स ने बताया भविष्य को ध्यान में रखकर लिया फैसला
हालांकि, ईस्ट जोन के सेलेक्टर्स और पूर्व बिहार क्रिकेटर मनीष वर्धन ने इस फैसले का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि सेलेक्टर्स केवल वर्तमान को ध्यान में रखकर फैसला नहीं कर रहे हैं. उपकप्तान बनने से वैभव को ईशान किशन के साथ करीब से काम करने और टीम को चलाने की प्रक्रिया समझने का मौका मिलेगा. वर्धन ने यह भी साफ किया कि ईशान की गैरमौजूदगी में वैभव को कप्तानी देने पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है. जरूरत पड़ने पर किसी अनुभवी खिलाड़ी को कप्तान बनाया जाएगा, जबकि वैभव उपकप्तान बने रहेंगे.