Shivpuri Women News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपनी परेशानी लेकर रात करीब एक बजे पुलिस थाने पहुंच गई. महिला का कहना था कि वह पिछले 8 से 10 दिनों से ठीक से सो नहीं पा रही है. इस समस्या को लेकर उसने पहले सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई थी लेकिन जब वहां से कोई समाधान नहीं मिला तो उसने पुलिस थाने का रुख कर लिया. आधी रात को थाने पहुंची महिला पुलिसकर्मियों से अपनी रिपोर्ट लिखने की जिद करने लगी.
मामला भौंती थाना क्षेत्र का है. महिला के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. किसी ने नहीं सोचा था कि नींद न आने की शिकायत लेकर कोई रात के एक बजे थाने पहुंच सकता है.
नींद नहीं आई, तो पहुंची थाने
महिला ने पुलिसकर्मियों को बताया कि कई दिनों से उसकी रातों की नींद गायब है. वह लगातार इस समस्या से परेशान है और उसे कोई राहत नहीं मिल रही. महिला का मानना था कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई होनी चाहिए. इसी वजह से उसने पुलिस से तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की. वह अपनी बात मनवाने के लिए काफी देर तक पुलिसकर्मियों से कहती रही.
थाने में रखी हथकड़ी उठाई
महिला की हरकतें उस समय और हैरान करने वाली हो गईं, जब उसने थाने में रखी हथकड़ी उठा ली. वह हथकड़ी लेकर वहां से जाने लगी. यह देखकर पुलिसकर्मी तुरंत सतर्क हो गए. उन्होंने महिला को रोककर शांत करने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत की और उसकी परेशानी की वजह समझने का प्रयास किया.
परिजनों को बुलाकर की पूछताछ
काफी देर बातचीत के बाद महिला की परेशानी के बारे में उसके परिवार को सूचना दी गई. परिजन थाने पहुंचे तो उन्होंने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है. उसकी मानसिक स्थिति कभी सामान्य रहती है, तो कभी उसमें बदलाव देखने को मिलता है. परिवार के मुताबिक, पहले भी महिला इस तरह की हरकतें कर चुकी है. थाना प्रभारी घनश्याम धाकड़ ने बताया कि परिजनों को महिला का इलाज नियमित रूप से जारी रखने और उसकी उचित देखभाल करने की सलाह दी गई.
ये भी पढ़ें: शादी के 5 महीने बाद खूनी खेल! पत्नी से विवाद के बीच युवक के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला, मौत