Who is Krish Bhagat: मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी अथर्व अंकोलेकर चोटिल हो गए हैं, जिनके स्थान पर कृष भगत को टीम में शामिल किया है. IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की शुरुआत धीमी रही है, इसलिए टीम का यह निर्णय काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बता दें कि पंजाब के 21 वर्षीय ऑलराउंडर कृष भगत 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर टीम में शामिल हुए हैं. दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज भगत निचले क्रम में बैटर के रूप में भी योगदान दे सकते हैं. उन्होंने सात प्रथम श्रेणी और नौ लिस्ट ए मैच खेले हैं.
कौन हैं कृष भगत?
कृष भगत पिछले दो वर्षों से वह फ्रेंचाइजी के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं और इस साल की शुरुआत में डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. भगत ने प्री-सीजन के दौरान सपोर्ट बॉलर के रूप में टीम के साथ मिलकर अभ्यास भी किया है, जिससे उन्हें टीम में आसानी से जगह बनाने में भी मदद मिलेगी.
अंकोलेकर के चोटिल होने से टीम को हुआ नुकसान
अंकोलेकर की अनुपस्थिति से मुंबई की टीम का संतुलन बिगड़ गया है. बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर, जो 2020 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम का हिस्सा थे, ने एक भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बनाई थी. उन्होंने 2019 में भारत की ACC अंडर-19 एशिया कप जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी और बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था.
मुंबई इंडियंस का खराब प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस का कृष भगत को टीम में शामिल करने का फैसला बेहद चुनौतीपूर्ण दौर में आया है. 13 वर्षों में पहली बार जीत के साथ सीज़न की शुरुआत करने के बावजूद, टीम लगातार तीन हार के साथ खराब प्रदर्शन कर रही है. खिलाड़ियों के प्रदर्शन में खामी लगातार चिंता का विषय रही है. विशेष रूप से पावरप्ले के दौरान मुंबई की खराब गेंदबाजी देखने को मिली है. चार मैचों में, बारिश से प्रभावित राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच समेत, मुंबई पहले छह ओवरों में सिर्फ तीन विकेट ही ले पाई है. जसप्रीत बुमराह को इस सीजन में अभी तक उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है, वहीं ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाज भी शुरुआती ओवरों में विकेट लेने में नाकाम रहे हैं.