Bihar Sitamarhi Chain Snatching Case: बिहार के सीतामढ़ी में पिछले कुछ दिनों में चेन स्नेचिंग की 4 घटनाओं को चेन स्नैचरों के गैंग ने अंजाम दिया था. जानकारी सामने आ रही है कि टहलने के दौरान महिलाओं के गले से सोने के चेन को छीन लिया जा रहा था. इन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पोस्ट करते हुए कहा कि एनडीए के बड़बोले नेताओं के कारण बिहार में अपराधियों का राज कायम हो गया है और बिहार में जंगलराज वापस आ गया है.
इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने तेजस्वी यादव के ट्वीट के 24 घंटे के अंदर मुजफ्फरपुर जिले के कटरा गांव निवासी मुन्ना कुमार सिंह को गिरफ्तार किया, जो सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में किराए का कमरा लेकर होम्योपैथिक डॉक्टर बनकर रह रहा था.
पुलिस ने 4 मामलों का किया खुलासा
उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने 4 स्नेचिंग की घटनाओं का उद्वेदन किया, इतना ही नहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहने गए कपड़े, मास्क, टोपी, गाड़ी में लगाए गए नंबर प्लेट और मोटरसाइकिल को बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि इस गिरोह के 3 सदस्य अब भी पुलिस की गिरफ्त से फरार है. मुख्य सरगना मुन्ना कुमार सिंह के खिलाफ लगभग दो दर्जन मामले सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों में दर्ज है.
बिहार में जंगलराज! बिहार में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं।
सीतामढ़ी के सीताराम चौक पर दिनदहाड़े दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट एनडीए के बड़बोले नेताओं के साथ विधि व्यवस्था के दावों को लेकर फरार हो गए। pic.twitter.com/Px0snzvUpP
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) April 23, 2026
डीएसपी ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर डीएसपी राजीव कुमार सिंह का बयान भी सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मुन्ना कुमार सिंह बैंक लूटकांड और छिनतई समेत कई अन्य मामलों में पूर्व में भी जेल जा चुका है और हाल के दिनों में वह जेल से निकला था और रूम किराए पर लेकर होम्योपैथिक डॉक्टर बनकर रहता था और शहर के अलग-अलग इलाकों में छिनतई की घटना को कारित करता था.