Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि दोनों ने मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गंगा नदी में फेंक दिया. हैरानी की बात यह है कि पत्नी ने ही पति के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी. इस हत्याकांड का खुलासा पति की गुमशुदगी से नहीं, बल्कि ट्रैक्टर चोरी के एक मामले की जांच के दौरान हुआ. पुलिस ने पत्नी डोली और उसके कथित प्रेमी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, कई दिन बीतने के बाद भी मृतक का शव नहीं मिला है.
14 अक्टूबर को घर से लापता हुआ था धीरज
पूरा मामला बेगूसराय के गढ़हरा थाना क्षेत्र के बारो रामपुर टोला का है. यहां रहने वाले धीरज कुमार राय 14 अक्टूबर 2026 की शाम घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. अगले दिन उनकी पत्नी डोली ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत में उसने रामदीरी निवासी मुकेश कुमार पर आर्थिक विवाद के चलते पति को गायब करने का शक जताया था. पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन शुरुआत में मुकेश के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिले.
ट्रैक्टर चोरी के मामले से खुला हत्या का राज
धीरज के परिवार को मुकेश पर लगातार शक था. परिवार का आरोप था कि डोली के नाम पर खरीदा गया ट्रैक्टर मुकेश वापस नहीं कर रहा है. 14 नवंबर को इस मामले में उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई. पुलिस ने मुकेश को ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार कर पूछताछ की तो धीरज की हत्या का मामला सामने आया.
फेसबुक के जरिए शुरू हुआ था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुकेश ने बताया कि उसकी पहचान डोली से साल 2022 में फेसबुक के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए. धीरज की गैरमौजूदगी में मुकेश उसके घर भी आता-जाता था. आसपास के लोगों के पूछने पर डोली उसे अपना मौसेरा भाई बताती थी. आरोप है कि धीरज को दोनों के रिश्ते पर शक था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई.
मोबाइल चार्जर से घोंटा गला
मुकेश ने पुलिस को बताया कि वह धीरज को अपनी कार में बैठाकर ले गया था. वहां मोबाइल चार्जर की मदद से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को सिमरिया स्थित पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया. पुलिस लगातार शव की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है.
फैक्ट्री के नाम पर लिया था कर्ज
जांच में आर्थिक लेन-देन का मामला भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि मुकेश ने पत्तल बनाने की फैक्ट्री शुरू करने का सपना दिखाकर धीरज और डोली से कर्ज दिलवाया था. मृतक के भाई विकास राय के मुताबिक, इसके लिए परिवार की जमीन तक बैंक में गिरवी रखवाई गई थी. बाद में ठेकेदारी के काम में ट्रैक्टर लगाकर कमाई करने का भरोसा दिया गया और डोली के नाम पर ट्रैक्टर खरीदा गया.
ये भी पढ़ें: रिश्तेदारों को वंदे भारत में छोड़ने गए थे 13 लोग, लगा 36 हजार का जुर्माना; मामले ने इंटनेट पर मचाया तहलका
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना का सबसे दुखद पहलू धीरज के दो मासूम बच्चों का भविष्य है. पिता की हत्या के आरोप में मां भी गिरफ्तार हो चुकी है. फिलहाल दोनों बच्चे परिवार के दूसरे सदस्यों के पास रह रहे हैं. मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार के मुताबिक, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर मुकेश को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने हत्या और शव को गंगा में फेंकने की बात स्वीकार की. पुलिस ने डोली और मुकेश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अब पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती धीरज के शव को बरामद करना है
ये भी पढ़ें: प्रेम संबंध खत्म करना चाहती थी महिला हेड कांस्टेबल, ASI ने नहीं मानी बात तो रची खौफनाक साजिश; कार में जला दी लाश