Gujarat ASI Murder Case: गुजरात के साबरकांठा जिले से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे को भी हैरान कर दिया, यहां एक महिला हेड कांस्टेबल पर अपने ही विभाग के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की हत्या करने का आरोप है. दोनों के बीच प्रेम संबंध थे लेकिन जब महिला इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थी तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि महिला ने अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. इसके बाद शव को बोरे में बंद किया और ASI की ही कार में रखकर आग लगा दी.
रिश्ता खत्म करने की बात पर बढ़ा विवाद
मृतक की पहचान अश्विन तबियाद के रूप में हुई है. वह चिथोडा पुलिस स्टेशन में ASI के पद पर तैनात थे. इसी थाने में महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा भी कार्यरत थी. पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. बताया जा रहा है कि अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी लेकिन अश्विन इसके लिए तैयार नहीं थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था.
गुजरात के साबरकांठा जिले में महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा ने ASI अश्विन तबियाद की हत्या कर कार में लाश जला दी। दोनों का अफेयर था। अब महिला हेड कांस्टेबल ये संबंध खत्म करना चाहती थी, लेकिन ASI नहीं मान रहा था। 8 नवंबर की रात महिला ने ASI को अपने कमरे पर बुलाया। वहां हत्या कर दी। अगली सुबह महिला ने भाई कल्पेश और पंकज को बुलाया। तीनों ने लाश एक बोरे में पैक की। फिर ASI की कार में ही बोरा डालकर उसे नदी किनारे ले गए और आग लगा दी। सभी आरोपी गिरफ्तार हैं।
— Sachin Gupta (@Sachingupta) November 18, 2026
कमरे पर बुलाया और कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को अपने कमरे पर बुलाया था. आरोप है कि वहीं उनकी हत्या कर दी गई. अगले दिन महिला ने अपने भाई कल्पेश और चचेरे भाई पंकज को फोन कर बुलाया. तीनों ने मिलकर शव को बोरे में बंद किया और कमरे में छिपाकर रख दिया. इसके बाद आरोपियों ने अश्विन की मारुति अर्टिगा कार का इस्तेमाल शव को ठिकाने लगाने के लिए किया. बोरे में बंद शव को कार में रखा गया और सुनसान इलाके में ले जाया गया. बाद में कार को हथमती नदी के किनारे ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. इस साजिश में अल्फा के भाई और रिश्तेदार के अलावा मनोज निनामा नाम के एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने का आरोप है.
जली हुई कार से खुला हत्याकांड का राज
10 नवंबर को नदी किनारे जली हुई कार मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. कार से मानव अवशेष बरामद हुए. CCTV फुटेज और पेट्रोल पंप की जांच के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची. मामले में महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा, उसके भाई कल्पेश, पंकज और मनोज को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: IPL से संन्यास के बाद क्या धोनी को हर महीने पेंशन देगी CSK? कितनी होगी रकम, जानें पूरी डिटेल