Bihar TRE 4: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है. अगर आप भी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे, तो अब आपके पास एक और मौका है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 कर दी है. पहले आवेदन की आखिरी तारीख 26 अक्टूबर थी। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी वजह से समय पर अपना फॉर्म नहीं भर सके थे. इस भर्ती अभियान के तहत 33 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति होनी है.
अब कब तक भर सकेंगे आवेदन?
BPSC की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख अब 3 नवंबर 2026 है. वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की समयसीमा 2 नवंबर तक रखी गई है. पहले अभ्यर्थियों को 26 अक्टूबर तक आवेदन करना था और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर थी. तारीख बढ़ने से उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है. अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अंतिम दिन का इंतजार करने के बजाय समय रहते फॉर्म भर लें.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जुड़ा फैसला
आयोग ने बताया कि तारीख में बदलाव सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एसएलपी (सिविल) डायरी नंबर 28464/2025 से जुड़े मामले में 1 अगस्त 2025 को दिए गए आदेश के अनुसार किया गया है. यह मामला रमन कुमार मंडल एवं अन्य बनाम बिहार राज्य एवं अन्य से संबंधित है. आयोग ने इस मामले से जुड़े सभी वादियों के लिए अलग निर्देश भी जारी किया है.
29 अक्टूबर तक जमा होंगे दस्तावेज
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जुड़े सभी वादियों को 29 अक्टूबर 2026 तक आयोग के पटना स्थित कार्यालय में अपनी जरूरी जानकारी जमा करनी होगी. इसमें अभ्यर्थी का नाम, पिता और माता का नाम, जन्मतिथि का प्रमाण, आधार नंबर और मोबाइल नंबर शामिल हैं. संबंधित उम्मीदवारों को इस निर्देश का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि उनकी जानकारी समय पर आयोग तक पहुंच सके.
33,320 पदों पर होगी शिक्षकों की भर्ती
बिहार में शिक्षक भर्ती के तीन चरण पहले ही पूरे हो चुके हैं. अब चौथे चरण यानी TRE-4 के तहत विद्यालय अध्यापकों के कुल 33,320 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है. फिलहाल आवेदन लिए जा रहे हैं. परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है. परीक्षा दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में होने की संभावना जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: Delhi North Block fire: दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में कैसे लगी आग? फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौजूद