Chapra Viral Video: बिहार के छपरा में एक युवती शादी की जिद को लेकर 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे हड़कंप मच गया. मामला इनायतपुर पंचायत के तकिया गांव का है, जहां उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने करीब 6 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया. इस दौरान युवती ने टावर पर चढ़कर रील बनाई और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी.
जानकारी के अनुसार यूपी के आजमगढ़ की रहने वाली अंजलि राजभर की दोस्ती छपरा के अजय माझी से तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी. अजय दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है. अंजलि अक्सर रील्स बनाती थी और अजय के कमेंट्स से शुरू हुआ यह सिलसिला प्यार में बदल गया.
अंजलि की मांग भरता दिख रहा अजय
इसके बाद दोनों कई बार दिल्ली और होटलों में मिले, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अंजलि ने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं. एक रील में तो अजय, अंजलि की मांग भरता हुआ भी नजर आ रहा है. अजय के परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया.
वहीं परिवार के दबाव में आकर अजय ने अंजलि से दूरी बना ली, जिससे परेशान होकर अंजलि शनिवार को आजमगढ़ से सीधे छपरा पहुंच गई. जब वहां बात नहीं बनी तो रविवार सुबह उसने खौफनाक कदम उठा लिया.
अब टावर वाली बीमारी छपरा जिला पहुंच चुकी हैं।
इंस्टाग्राम पर हुए प्यार को पाने के लिए यूपी से छपरा के दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव पहुंची युवती, टावर पर चढ़कर शादी की जिद पर अड़ी; पुलिस उसे नीचे उतारने में जुटी। pic.twitter.com/lQt8LQj3vE
— छपरा जिला 🇮🇳 (@ChapraZila) April 26, 2026
टावर पर ही बेहोश हो गई युवती
गर्मी और ऊंचाई के कारण करीब 4 घंटे बाद अंजलि की तबीयत बिगड़ने लगी और वह टावर पर ही बेहोश हो गई. मौके पर दाउदपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची. छपरा सदर एसडीओ नितेश कुमार ने खुद मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया.
सुसाइड नोट अंजलि ने क्या लिखा?
अंजलि ने टावर पर चढ़ने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा. सुसाइड नोट में उसने लिखा- “मैं अंजलि राजभर, मुझे अजय मांझी से धूमधाम से शादी करनी है. कोर्ट मैरिज भी करनी है, नहीं तो मैं यहीं से कूदकर अपनी जान दे दूंगी. इसके बाद ही अजय के परिवार वालों को मझे अपनाना पड़ेगा. उनके परिवार वाले कहते हैं कि अगर तूम अंजलि से शादी करोगे तो घरवालों को भूल जाना होगा. जब तक वे लोग नहीं मानेंगे, तब तक मैं इस टावर से नहीं उतरूगी.” फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने और मामले की जांच में जुटी है.