Chhattisgarh News: बलरामपुर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है. फर्जी दस्तावेजों और गलत जानकारी के आधार पर शासकीय नौकरी हासिल करने के आरोप में वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला कोल्डुआ में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह को निलंबित कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुशफर निवासी एक शिकायतकर्ता ने कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत कुशफर के सरपंच और शिक्षा विभाग में पदस्थ प्रधान पाठक द्वारा एक ही पिता के नाम का उपयोग कर गलत तरीके से शैक्षणिक प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल करते हुए पद हासिल किया गया है.
ग्रामीणों के बयान किए गए थे दर्ज
शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर मामले की विस्तृत जांच कराई गई. जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए. जांच प्रतिवेदन में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई.
जांच में यह भी सामने आया कि प्रधान पाठक के वास्तविक नाम और अभिलेखों में दर्ज नाम में अंतर है तथा कथित रूप से गलत जानकारी देकर शासकीय सेवा प्राप्त की गई. इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन माना गया है.
तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने विभागीय जांच पूरी होने तक प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है. शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले की चर्चा तेज हो गई है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.