Delhi-NCR Road Connectivity: दिल्ली से गुरुग्राम और फरीदाबाद जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए दो नए एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना तैयार की गई है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-बदरपुर रोड पर वाहनों की आवाजाही पहले से ज्यादा आसान हो सकेगी. खास बात यह है कि इस योजना से साकेत, छतरपुर, महरौली और पुल प्रहलादपुर जैसे व्यस्त इलाकों को सीधा फायदा मिलेगा.
यहां बनेगा डबलडेकर कॉरिडोर
पहली बड़ी परियोजना साकेत के जी-ब्लॉक से पुल प्रहलादपुर तक प्रस्तावित है. करीब 6 लेन के इस एलिवेटेड कॉरिडोर पर लगभग 1471 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसकी खासियत इसका डबलडेकर डिजाइन होगा. नीचे की तरफ गाड़ियों के लिए सड़क बनाई जाएगी. वहीं ऊपरी हिस्से में दिल्ली मेट्रो की फेज-4 की गोल्डन लाइन का ट्रैक होगा. इससे सड़क और मेट्रो दोनों के लिए अलग-अलग रास्ते उपलब्ध होंगे.
यहां बनेगा फ्लाईओवर और अंडरपास
इसके अलावा साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार तक एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने का काम भी योजना का हिस्सा है. यहां 6 लेन का अंडरपास और बीआरटी कॉरिडोर से जुड़ने वाला दो लेन का अंडरपास भी बनाया जा रहा है. मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रहलादपुर तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर भी प्रस्तावित है.
5 मिनट में कुतुब मीनार से छतरपुर
दूसरा एलिवेटेड कॉरिडोर कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन से छतरपुर के डीएलएफ फार्म्स तक बनाया जाएगा. करीब 4 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. यह रास्ता संत श्री नागपाल (SSN) मार्ग के साथ विकसित किया जाएगा. फिलहाल इस दूरी को तय करने में आधे घंटे से ज्यादा समय लग जाता है लेकिन परियोजना पूरी होने के बाद सफर करीब 5 मिनट में पूरा होने का दावा किया जा रहा है. इससे शादी-ब्याह के मौसम में छतरपुर और आसपास के फार्महाउस इलाकों में लगने वाले जाम से भी राहत मिल सकती है.
इन इलाकों के लोगों को होगा फायदा
दोनों परियोजनाओं से साकेत, महरौली, छतरपुर, लाडो सराय, वसंत कुंज, सैनिक फार्म, सतबारी, जोनापुर, डेरा मंडी, असोला, देवली और संगम विहार के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. साथ ही एयरपोर्ट और हरियाणा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी सफर सुगम हो सकता है.
ये भी पढ़ें: ‘I Love You’ के बाद अब अनफॉलो! ईशा और अविनाश के रिश्ते में आई दरार? मां की पोस्ट ने मचाई सनसनी!