अरविंद केजरीवाल पर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार (25 अप्रैल, 2026) को तीखा हमला बोला. इस हमले में अरविंद केजरीवाल को ‘धुरंधर’ फिल्म के चरित्र रहमान डकैत के समकक्ष बता दिया. यह हमला राघव चड्ढा और राज्यसभा के छह अन्य सांसदों के पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद किया गया. दरअसल, शुक्रवार को अहम राजनीतिक घटनाक्रम में राघव चड्ढा, राजेंद्र गुप्ता और अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली. इस बीच शनिवार को BJP ने अरविंद केजरीवाल को ‘दिल्ली का रहमान डकैत’ बता दिया. इसके साथ ही ‘शीशमहल 2’ नाम से कुछ नई तस्वीरें जारी कीं.
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर सादगी के अपने पुराने दावों के बावजूद आलीशान ज़िंदगी जीने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल तो दिल्ली के रहमान डकैत हैं, जिस तरह ‘धुरंधर’ फ़िल्म का सीक्वल आया था, उसी तरह आज हमने ‘शीशमहल 2’ का खुलासा किया है. इन आरोपों पर अरविंद केजरीवाल या AAP की तरफ़ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
BJP द्वारा साझा की गईं तस्वीरें
प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में असली ‘शीशमहल’ उस समय बनाया गया था, जब शहर कोविड की लहर से जूझ रहा थाl उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में शीशमहल तब बनवाया, जब दिल्ली कोविड की लहर से परेशान थी. दिल्ली के लोग कोविड की दवाएं मांग रहे थे और मर रहे थे. उसी समय अरविंद केजरीवाल के आदेश पर दिल्ली के शीशमहल का काम एक भी दिन नहीं रुका.
चुनावी झटकों के बाद किया पंजाब का रुख
BJP नेता ने आगे दावा किया कि दिल्ली में चुनावी झटकों के बाद अरविंद केजरीवाल ने अपना राजनीतिक ध्यान पंजाब की ओर मोड़ दिया. इसके चलते पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर दबाव बढ़ गया. वहीं BJP द्वारा शेयर की गई तस्वीर में एक आलीशान घर को दिखाया गया है. प्रवेश वर्मा ने कहा कि जब हमारे ‘धुरंधर’ यानी दिल्ली के वोटरों ने दिल्ली के ‘रहमान डकैत’ को हरा दिया, तो वह पंजाब चला गया, जिससे भगवंत मान की मुश्किलें और बढ़ गईं. भगवंत मान के घर के आस-पास बने चार बड़े सरकारी घरों में से एक में अरविंद केजरीवाल रहते थे तो दूसरे में दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन. वहीं तीसरे में राज्यसभा सांसद संजय सिंह और चौथे में मनीष सिसोदिया रहते थे.
पंजाब में भी बनवाया शीशमहल
प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को उनके हालिया आवास 95 लोधी एस्टेट को लेकर भी निशाना बनाया और उन पर सादगी भरे जीवन की अपनी पुरानी छवि को छोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पंजाब में भगवंत मान परेशान हैं. उन्होंने वहां एक और ‘शीश महल’ बनवा लिया है.
शराब घोटाले से खरीदी गईं संपत्तियां
वहीं, अरविंद केजरीवाल पिछले कई सालों से कोर्ट जाकर एक बंगले की मांग कर रहे हैं. और जब उन्हें वह बंगला मिल गया, जिसमें वह शुक्रवार को ही शिफ़्ट हुए हैं – 95 लोधी एस्टेट – तो उसकी तस्वीरें सामने आने पर हम हैरान रह गए. जिस इंसान ने कहा था कि वह सादगी से रहेगा, आज वह बेहद आलीशान तरीके से रह रहा है. BJP ने यह भी आरोप लगाया कि ये संपत्तियां कथित शराब घोटाले से जुड़े पैसों से खरीदी गई थीं.