यूपी के फतेहपुर जनपद में देर रात पुलिस और एक लाख रुपये के इनामिया बदमाश के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई. थाना खागा क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में घेराबंदी कर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी बबलू सिंह को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल अस्पताल भेज दिया.
बदमाश पर 1 लाख का इनाम
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अभियुक्त बबलू सिंह पुत्र धर्मराज उर्फ मन्ना सिंह निवासी गढ़ी कस्बा थाना खागा जनपद फतेहपुर पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था. वह गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार था. उसके खिलाफ गैंगवार, धमकी, आईटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं.
पैर में गोली खाते ही घायल
इस बड़े ऑपरेशन को थाना खागा, हथगांव, थरियांव पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया. पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामिया बदमाश जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी शुरू की. खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान चली गोलियों में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया.
तमंचा-कारतूस बरामद
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस जो तमंचे की नाल में फंसा हुआ था तथा ₹1600 नकद बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त थाना खागा में दर्ज मुकदमा संख्या 115/26 में वांछित था. उसकी गिरफ्तारी पर अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन द्वारा ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया था.
इलाके में हड़कंप
प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ थाना खागा में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है. देर रात हुई इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ें:- हंसते-खेलते निकला था परिवार, तेज धमाका निगल गया कार: घंटों के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया!