Gurugram Biker Hit and Run Case: गुरुग्राम में लेडी बाइकर सिया को टक्कर मारने का मामला लगातार चर्चा में है. आरोपी कल्याण बैंसला ने एक इंटरव्यू में खुद को बेकसूर बताते हुए बाइकर्स पर ही परेशान करने का आरोप लगाया था. अब सिया ने वीडियो जारी कर कल्याण के दावों पर कई सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने हादसे के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि सब कुछ कैमरे में रिकॉर्ड है और वीडियो देखकर साफ पता चल सकता है कि कौन किसका पीछा कर रहा था.
सिया ने आरोपी के इंटरव्यू पर उठाए सवाल
सिया ने कहा कि हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसी बीच उन्होंने कल्याण बैंसला का इंटरव्यू शेयर किया, जिसमें वह बाइकर्स पर कार को परेशान करने और बार-बार स्पीड बढ़ाने-घटाने का आरोप लगा रहे हैं. सिया का कहना है कि अगर बाइकर्स की स्पीड को लेकर उन्हें परेशानी थी, तो वह उनका पीछा क्यों कर रहे थे? उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कौन किसके पीछे जा रहा था.
अगर चिंता थी तो रुके क्यों नहीं?
सिया ने सबसे बड़ा सवाल हादसे के बाद आरोपी के वहां से चले जाने को लेकर उठाया. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें सिया की इतनी चिंता थी तो हादसे के बाद कार रोककर यह देखना चाहिए था कि वह ठीक हैं या नहीं. सिया के मुताबिक, कुछ सेकंड का अंतर उनकी जान के लिए बेहद खतरनाक हो सकता था. उन्होंने कहा कि आरोपी एक पल के लिए भी नहीं रुका और वहां से चला गया.
Gurugram Bike hit and run case victim Sia shares new video pic.twitter.com/y2PM4Pj4dr
— Saffron Sting (@SaffronSting) September 14, 2026
आरोपी ने बाइकर्स पर लगाया था आरोप
कल्याण बैंसला ने अपने इंटरव्यू में दावा किया कि करीब 20-22 बाइकर्स उन्हें परेशान कर रहे थे और गालियां भी दे रहे थे. उनका कहना था कि बाइकर्स कभी आगे निकलते और फिर अचानक धीमे होकर कार का रास्ता रोक देते थे. कल्याण ने यह भी कहा कि उन्हें उस समय पता नहीं था कि बाइक सिया चला रही थीं. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद जब वे रेड लाइट पर रुके, तो कार में मौजूद उनके भाई ने वहां रुकने पर मारपीट होने की आशंका जताई. इसी डर की वजह से वे कार लेकर आगे निकल गए.
ये भी पढ़ें: Aaj ka Mausam 15 September: दिल्ली से लेकर अरुणाचल तक बारिश का अलर्ट, 50 की स्पीड से हवा; IMD का अपडेट
वीडियो के बाद फिर गरमाया मामला
सिया के जवाबी वीडियो के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. एक तरफ आरोपी अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बता रहा है, वहीं सिया वायरल वीडियो को सबूत बताते हुए उसके दावों पर सवाल उठा रही हैं. अब इस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर है.