Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को स्वच्छता के मामले में बड़ा झटका लगा है. कभी स्वच्छता रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहने वाला भोपाल इस बार सूची से ही बाहर हो गया. शहर की इस बदहाल तस्वीर के पीछे आदमपुर खंती में जमा कचरे को बड़ी वजह माना जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि यहां पिछले कई सालों से कचरे का पहाड़ जमा है लेकिन उसका निपटारा अब तक नहीं हो पाया. अब इस मुद्दे पर महापौर के बयान से विवाद और बढ़ गया है. स्थानीय लोगों में नाराजगी है, तो कांग्रेस ने भी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है.
रैंकिंग से बाहर हुआ भोपाल
स्वच्छता के मामले में भोपाल ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी अलग पहचान बनाई थी लेकिन इस बार शहर को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा. स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम केवल एक बार निरीक्षण के लिए पहुंची. वहीं दूसरी बार सर्वे का इंतजार ही होता रहा. आदमपुर खंती में करीब 5 लाख टन कचरा जमा होने की बात सामने आई है. इसके निपटान का मामला सुप्रीम कोर्ट में भी चल रहा है. वहीं, मध्य प्रदेश से इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है लेकिन भोपाल-बैरसिया को जगह नहीं मिली.
मेयर ने दिया तर्क
रैंकिंग से बाहर होने के सवाल पर महापौर मालती राय ने नए नियमों का हवाला दिया. उनका कहना है कि स्वच्छता लीग की श्रेणी खत्म कर दी गई है और अब पुरस्कार के लिए स्वच्छ शहर और स्वच्छ जोड़ी जैसी श्रेणियां रखी गई हैं. उन्होंने दावा किया कि आदमपुर खंती के कचरे को हटाने का टेंडर हो चुका है और जनवरी तक कचरा खत्म कराने का लक्ष्य है.
आठ साल से कचरे की मार
आदमपुर खंती में पिछले आठ साल से कचरा डाला जा रहा है. आसपास रहने वाले लोगों का आरोप है कि इससे इलाके का पानी दूषित हो गया है और पर्यावरण पर भी बुरा असर पड़ा है. लोगों को दो-तीन दिन में टैंकर से पानी मिल पाता है. उनका कहना है कि यहां रहना मुश्किल हो गया है. मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है. कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम मुख्यालय में आंदोलन करने की तैयारी की है. इसके साथ ही पूरे शहर में चरणबद्ध अभियान चलाने की बात कही है.