Raja Raghuvanshi friend death: इंदौर के चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उनके परिवार के साथ लगातार खड़े रहने वाले करीबी दोस्त अर्पित चौहान की मौत से परिजन सदमे में हैं. अर्पित की मौत अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक पुलिस अब अर्पित के मोबाइल, पारिवारिक परिस्थितियों और उनके संपर्क में रहे लोगों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है, ताकि मौत की वजह सामने आ सके.
राजा की हत्या के बाद अर्पित ने संभाला था कारोबार
अर्पित चौहान राजा रघुवंशी के करीब 8 से 10 साल पुराने दोस्त थे. राजा की मौत के बाद जब परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा था, तब अर्पित ने उनके हिस्से का ट्रांसपोर्ट कारोबार संभालने में मदद की. राजा के भाई विपिन रघुवंशी के मुताबिक, अर्पित सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं रहे, बल्कि परिवार के सुख दुख में भी लगातार उनके साथ खड़े रहे. राजा और अर्पित की दोस्ती को रघुवंशी परिवार बेहद करीब मानता था. परिवार के मुताबिक, अर्पित को उन्होंने छोटे भाई की तरह माना था.
शादी की शॉपिंग से लेकर हर मुश्किल तक साथ रहे
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने अर्पित के साथ जुड़ी पुरानी यादें भी साझा कीं. उनके मुताबिक, राजा की शादी की खरीदारी से लेकर शादी से जुड़े कार्यक्रमों तक अर्पित लगातार उनके साथ रहते थे. राजा ने अपनी शादी के लिए जो कपड़े पसंद किए थे, अर्पित ने भी अपनी शादी के लिए उनसे मिलते जुलते कपड़े खरीदे थे. परिवार के लिए अर्पित का जुड़ाव इतना गहरा था कि हाल में जब राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर बेटे का जन्म हुआ तो परिवार ने उसे खुशी के साथ राजा के पुनर्जन्म से जोड़कर देखा. बताया गया कि उस खुशी में अर्पित भी परिवार के साथ शामिल हुए थे.
अचानक हुई मौत
अर्पित की अचानक हुई मौत ने रघुवंशी परिवार और उनके दोस्तों को झकझोर दिया है. विपिन रघुवंशी का कहना है कि किसी को अंदाजा नहीं था कि अर्पित इतना बड़ा कदम उठा सकते हैं. परिवार ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है. ताजा रिपोर्टों के मुताबिक पुलिस को अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में जांचकर्ताओं के सामने यह पता लगाना अहम है कि अर्पित किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे और घटना से पहले उनकी मानसिक एवं पारिवारिक स्थिति कैसी थी.
मोबाइल और परिवार से जुड़े पहलुओं की जांच
अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अर्पित के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी खंगाल रही है. साथ ही परिवार और करीबियों से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके. पुलिस के मुताबिक अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.