Punjab Crime News: पंजाब के होशियारपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां मुकेरियां में एक प्रवासी मजदूर ने अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने शव को बिना कपड़ों के गन्ने के खेत में फेंक दिया, ताकि यह मामला बलात्कार जैसा लगे. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
शक के कारण की हत्या
मृतक महिला की पहचान रुबीना खातून के रूप में हुई है. उसका पति जहादुर इस्लाम पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है. दोनों पति-पत्नी मुकेरियां के मदीनपुर गांव में किराए पर रहते थे और सीवर-सफाई का काम करते थे. पुलिस के मुताबिक, जहादुर को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से संबंध है. इसी शक को लेकर दोनों में अक्सर झगड़े होते थे. हत्या से पहले भी कई दिनों से दोनों में तकरार चल रही थी.
गन्ने के खेत में ले जाकर घोंटा गला
पुलिस के अनुसार, घटना कुछ दिन पहले की है. काम खत्म करने के बाद इस्लाम रुबीना को गांव के पास तालाब के किनारे ले गया. वहां से वह उसे गन्ने के खेत में ले गया और गमछे से उसका गला घोंट दिया. रुबीना की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद इस्लाम ने रुबीना के कपड़े उतार दिए और शव को खेत में ही छोड़ दिया. पुलिस का कहना है कि उसने ऐसा जानबूझकर किया, ताकि लोगों को लगे कि यह यौन उत्पीड़न का मामला है और असली मकसद छिप जाए.
साले से बोला- पत्नी गायब हो गई
हत्या के बाद इस्लाम ने अपने साले सोहेल अली को फोन किया. सोहेल बिहार के कटिहार का रहने वाला है. इस्लाम ने उसे बताया कि रुबीना कहीं गायब हो गई है.
सोहेल मदीनपुर गांव पहुंचा और बहन को ढूंढने लगा. जब रुबीना कहीं नहीं मिली और इस्लाम के बयानों में गड़बड़ लगी, तो भाई ने उससे सख्ती से पूछताछ की. इसके बाद इस्लाम ने हत्या की बात कबूल कर ली. पुलिस ने खेत से शव बरामद कर लिया है और आरोपी से पूछताछ कर रही है.
ये भी पढ़ें: Hapur Love Story: तीन साल का इश्क और अचानक बारात! प्रेमिका के घर मचा बवाल, थाने में एक बयान से पलट गई पूरी कहानी