BJP MLA Convoy Accident: उत्तर प्रदेश के जिला मुख्यालय के पास सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लगातार दो गाड़ियों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काफिले में शामिल एक फॉर्च्यूनर सड़क पर पलट गई. वहीं दूसरी गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना में स्कॉर्पियो सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. वहीं, विधायक ने इस पूरी घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हमला बताया है.
सड़क पर पलटी गाड़ी
यह घटना फुटिया और जगदीशसराय के आसपास की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, विधायक सुशील सिंह का काफिला जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रहा था. इसी दौरान फुटिया के पास पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले में चल रही एक फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर का असर इतना तेज था कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. अचानक हुई इस घटना से काफिले में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
चंदौली बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो विधायक के काफिले की दो फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो को मारी टक्कर विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी समारोह से लौट रहे थे सुशील सिंह विधायक ने घटना को बताया संदिग्ध, किसी नियत से घटना को अंजाम देने की आशंका https://t.co/ljDHc8gXky
— Gaurav Kumar (@gaurav1307kumar) November 24, 2026
दूसरी गाड़ी को भी मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि पहली टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वहां से निकलने की कोशिश करने लगा लेकिन आगे जगदीशसराय के पास उसने काफिले में शामिल दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी. इस दूसरी गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचा. हादसे के वक्त विधायक सुशील सिंह काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनकी गाड़ी सुरक्षित रही.
स्कॉर्पियो सवार युवक की हालत गंभीर
दुर्घटना में काफिले के कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं. वहीं स्कॉर्पियो में सवार सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
विधायक ने लगाया आरोप
घटना के बाद विधायक सुशील सिंह ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार किया. उनका आरोप है कि काफिले को जानबूझकर निशाना बनाकर टक्कर मारी गई. दूसरी ओर कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Pune University News: 14 घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही छात्रा, पूरी रात अंदर बिताई; सुबह टेक्नीशियन ने खोला दरवाजा