UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रेम संबंध का विरोध करने पर एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही 55 वर्षीय मां की कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटी शैलजा देवी और उसके प्रेमी दिलीप कुमार सरोज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन मां इस रिश्ते के खिलाफ थीं. इसी विरोध के चलते दोनों ने हत्या की साजिश रची.
घर में अकेली मां को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 नवंबर की रात कोखराज थाना क्षेत्र की है. मृतका की पहचान राजमणि के रूप में हुई है. घटना वाली रात राजमणि के पति और परिवार के अन्य सदस्य भरवारी में दशहरा मेला देखने गए थे. घर में राजमणि अकेली थीं. इसी दौरान आरोपी दिलीप वहां पहुंचा और ईंट से उनके सिर पर कई वार कर दिए. हमले में राजमणि की मौके पर ही मौत हो गई.
मेले से लौटे परिवार के उड़े होश
जब परिवार के लोग मेला देखकर घर लौटे तो राजमणि का शव देखकर उनके होश उड़ गए. उनका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए तीन टीमें गठित कीं.
सीसीटीवी और पूछताछ से खुला हत्या का राज
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई. पूछताछ में दिलीप ने बताया कि वह और शैलजा शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमणि उनके रिश्ते का विरोध कर रही थीं. इसी वजह से दोनों ने मिलकर उनकी हत्या की योजना बनाई. पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद दिलीप ने हत्या में इस्तेमाल ईंट गांव के बाहर एक तालाब के पास फेंक दी. इसके बाद उसने अपने खून से सने कपड़े और जूते धोए और मेले में चला गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
ये भी पढ़ें: Pune University News: 14 घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही छात्रा, पूरी रात अंदर बिताई; सुबह टेक्नीशियन ने खोला दरवाजा
बेटी और प्रेमी दोनों गिरफ्तार
पुलिस ने दिलीप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट, खून से सने कपड़े, जूते और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस ने शैलजा देवी और दिलीप कुमार सरोज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: एक के बाद एक गिरने लगी स्कूली बच्चों की लाश, बेहोश पड़े थे 32 लोग; कन्नौज में दर्दनाक सड़क हादसा