Ghaziabad Crime: गाजियाबाद के वसुंधरा में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. घर में सो रहे डाक विभाग के सीनियर अकाउंटेंट शशांक कंथेरिया पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. हमलावर ने उनके सिर, पेट, सीने, गले और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर करीब 10 से 12 बार वार किए. गंभीर रूप से घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
इस मामले में पुलिस ने जिम ट्रेनर प्रताप सिंह उपाध्याय और शशांक की पत्नी प्रिया शर्मा को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में पत्नी और जिम ट्रेनर के बीच करीबी संबंधों की बात सामने आई है, पुलिस को शक है कि वारदात में महिला की भूमिका भी हो सकती है. हालांकि उन्होंने हमले में शामिल होने से इनकार किया है.
घर में दाखिल हुआ हमलावर
झांसी के रहने वाले शशांक वसुंधरा सेक्टर-1 के जागृति अपार्टमेंट में पत्नी प्रिया और तीन साल की बेटी के साथ रहते हैं. पति-पत्नी दोनों दिल्ली के डाक विभाग में सीनियर अकाउंटेंट हैं. पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे प्रिया जिम जाने के लिए घर से निकलीं. इसके लगभग दो मिनट बाद जिम ट्रेनर प्रताप सिंह उपाध्याय घर में दाखिल हुआ और सो रहे शशांक पर दो चाकुओं से हमला कर दिया. बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हमले के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को सुरक्षा गार्डों और स्थानीय निवासियों ने पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया.
प्रेम संबंध की बात आई सामने
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, पूछताछ में महिला ने जिम ट्रेनर के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की है. हालांकि, उसने पति पर हुए हमले में शामिल होने से इनकार किया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घर से निकलने के कुछ ही मिनट बाद हुए हमले में महिला की कोई भूमिका थी या नहीं. शशांक के भाई रितेश की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. दोनों से पूछताछ जारी है.
शशांक से दूसरी शादी
पुलिस के मुताबिक, प्रिया की पहली शादी वर्ष 2018 में दिल्ली में हुई थी. पहले पति के साथ विवाद के बाद वर्ष 2019 में डाक विभाग में नौकरी मिलने पर उनकी जिंदगी में बदलाव आया. बाद में शशांक से नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2021 में उन्होंने पहली शादी खत्म करने के बाद शशांक से विवाह कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. वहीं, तीन साल की बच्ची को देखभाल के लिए नोएडा में रहने वाली उसकी बुआ और फूफा के हवाले कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: Delhi North Block fire: दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में कैसे लगी आग? फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौजूद