Gonda Dowry Case: उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक परिवार ने बेटी की शादी के लिए महीनों से तैयारियां की थीं. मैरिज पैलेस सजा था, मेहमान जुटे थे और दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाकर अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत करने को तैयार थी. हालांकि जिस वक्त बारात पहुंचनी चाहिए थी, उस वक्त दूल्हे पक्ष की तरफ से ऐसी शर्त रख दी गई कि शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. आरोप है कि दहेज में थार गाड़ी नहीं मिलने पर दूल्हे ने निकाह करने से इनकार कर दिया. सदमे में दुल्हन बेहोश होकर गिर पड़ी और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा.
एक साल पहले तय हुआ रिश्ता
यह मामला गोंडा के नगर कोतवाली क्षेत्र के कटहारिया मोहल्ले का है. यहां रहने वाले मिर्जा अजमल बेग ड्राइवर हैं. उन्होंने अपनी बेटी नौशबा मिर्जा बेग का रिश्ता करीब एक साल पहले गोरखपुर निवासी मोहम्मद असलम के बेटे मोहम्मद सलमान से तय किया था. सलमान तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा है. बताया गया है कि वह विदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है.
26 अक्तूबर को होनी थी शादी
परिवार ने 26 अक्टूबर को निकाह की तारीख तय की थी. इसके लिए शहर में मैरिज पैलेस बुक किया गया और मेहमानों के स्वागत से लेकर खाने-पीने तक की व्यवस्था की गई. लड़की वालों का कहना है कि शुरुआत में लड़के के परिवार ने किसी तरह की मांग नहीं रखी थी. उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार बाइक देने की बात कही थी, जिस पर सहमति बन गई थी.
आधी रात को रखी थार की मांग
दुल्हन के परिवार के मुताबिक, तय समय पर बारात नहीं पहुंची तो उन्होंने दूल्हे पक्ष से संपर्क करना शुरू किया. काफी देर तक उन्हें बारात आने का भरोसा दिया जाता रहा लेकिन रात 12 बजे के बाद कथित तौर पर साफ कह दिया गया कि थार गाड़ी नहीं दी गई तो निकाह नहीं होगा. दुल्हन की मां नाजो खातून का आरोप है कि परिवार के बुजुर्गों ने दूल्हे पक्ष से हाथ जोड़कर गुहार लगाई लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे. मां के मुताबिक, शादी से पहले दूल्हा उनके घर आता-जाता था और कई बार लंबे समय तक वहां रुका भी था. ऐसे में आखिरी वक्त पर शादी से इनकार किए जाने से परिवार को गहरा सदमा लगा. बेटी भी रोते-रोते बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
पुलिस तक पहुंचा मामला
शादी की तैयारियों पर परिवार ने जो रकम खर्च की थी, वह भी बर्बाद हो गई. मैरिज पैलेस, खाने-पीने और अन्य इंतजामों के बीच परिवार को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी. मंगलवार सुबह लड़की के परिजनों ने नगर कोतवाली पहुंचकर दूल्हे और उसके घरवालों के खिलाफ शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की. नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस ने लड़की के परिवार से बात कर मामले की जानकारी ली है. दूल्हे पक्ष से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.