Charo Dham Temple Theft Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंदिर के अंदर चोरी की एक घटना सामने आई है. सआदतगंज इलाके में एक मंदिर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. आरोप है कि एक महिला श्रद्धालु बनकर मंदिर में दाखिल हुई और मौका मिलते ही देवी-देवताओं के आभूषण चोरी कर फरार हो गई. पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने में जुटी है.
आभूषण लेकर हुई फरार
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8:30 बजे से 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है. आरोप है कि महिला मंदिर में सामान्य श्रद्धालु की तरह आई थी. इसी दौरान उसने मां लक्ष्मी की मूर्ति से चांदी का छत्र और नथुनी उतार ली. इसके अलावा मंदिर में स्थापित श्रीनाथ जी का मुकुट भी गायब मिला. जब मंदिर प्रबंधन को आभूषण गायब होने की जानकारी मिली, तो परिसर में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई. फुटेज में एक संदिग्ध महिला की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है.
लखनऊ के सआदतगंज के चारों धाम मंदिर में दिनदहाड़े चोर भक्ति की आड़ में हुई चोरी, श्रद्धालु बनकर आई महिला ने उड़ाए भगवान के गहने मां लक्ष्मी की मूर्ति से चोरी, चांदी का छत्र और नथ उतार ले गई शातिर महिला https://t.co/t79nwH3gRV
— Mohammad Imran (@ImranTG1) October 25, 2026
पुजारी ने बताई चोरी की पूरी घटना
मंदिर के पुजारी सियाराम अवस्थी के अनुसार, मां महालक्ष्मी का चांदी का छत्र और नथुनी चोरी हुई है. इसके साथ ही श्रीनाथ जी का मुकुट भी गायब मिला है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मंदिर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने साथ ले गई. पुजारी ने यह भी बताया कि मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, सीसीटीवी में दिखाई देने वाली संदिग्ध महिला अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में लिखित तहरीर का इंतजार किया जा रहा है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है. इसके अलावा जांच की जा रही है कि चोरी की इस वारदात में महिला अकेली शामिल थी या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
मंदिर में चोरी के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी
दिनदहाड़े मंदिर में आभूषण चोरी होने की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता है. मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और संदिग्ध महिला की तलाश की जा रही है. अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी महिला तक कब पहुंचती है और चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी कब होती है.
ये भी पढ़ें: Rahul Gandhi Convoy Accident: बाल-बाल बचे राहुल गांधी, काफिले की 5 कारों का एक्सीडेंट! UP एक्सप्रेसवे पर मचा हड़कंप