Kanpur Accident: मंदिरों के दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं का सफर अचानक मौत और चीख-पुकार में बदल गया. उत्तर प्रदेश के कानपुर में नेशनल हाईवे-19 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. उन्नाव के रहने वाले तीर्थयात्रियों से भरी टूरिस्ट बस एक ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 22 यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, बस में कुल 29 लोग सवार थे. सभी उन्नाव से तीर्थयात्रा पर निकले थे. यात्रियों ने मथुरा, वृंदावन, खाटू श्याम और बालाजी मंदिर में दर्शन किए थे. कई दिनों की धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही उनका सफर इतने दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा.
Kanpur, Uttar Pradesh: A tourist bus carrying pilgrims from Unnao crashed into a truck on National Highway-19, leaving two passengers dead on the spot and 22 injured. An injured passenger says, “We had left on the evening of the 12th. We were returning after visiting Mathura, Vrindavan, Khatu Shyam, and finally the Balaji Temple. We left from there on the night of the 18th. Here near Kanpur Dehat, we had told the bus driver to sleep for a little while, but he didn’t sleep. He was saying that 100 kilometers of the journey remained, he would drop everyone off and then go sleep comfortably, and he crashed the bus. There were 29 people on board the bus…”
— IANS (@ians_india) November 19, 2026
ड्राइवर ने नहीं रोकी बस
हादसे में घायल एक यात्री ने घटना के बारे में चौंकाने वाली जानकारी दी. यात्री के मुताबिक, वे लोग 12 तारीख की शाम को यात्रा पर निकले थे और 18 तारीख की रात वापसी के लिए रवाना हुए थे. कानपुर देहात के पास यात्रियों ने बस चालक से कुछ देर रुकने और आराम करने के लिए कहा था. यात्रियों का कहना था कि लगातार सफर करने से चालक को भी थकान हो सकती है. हालांकि, चालक ने बस रोकने से इनकार कर दिया. उसने यात्रियों से कहा कि अभी लगभग 100 किलोमीटर का रास्ता बाकी है. वह सभी को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के बाद आराम करेगा. इसी दौरान बस ट्रक से टकरा गई.
दो परिवारों में पसरा मातम
इस हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई और 22 लोग घायल हो गए. तीर्थयात्रा से लौट रहे लोगों के परिवारों को जैसे ही दुर्घटना की खबर मिली, वहां चिंता और मातम का माहौल बन गया. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: शवदाह मशीन में डालते ही गूंज उठी महिला की चीख? Fact Check जानिए इस डरावने दावे की सच्चाई