Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है. रामपुर के CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए चर्चित आतंकी हमले के मामले में दोषी ठहराए गए शरीफ खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
शरीफ खान का नाम रामपुर के CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए उस हमले से जुड़ा था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था. इस हमले में आठ लोगों की जान चली गई थी. मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद शरीफ खान को दोषी करार दिया गया था. इसके बाद उसने अपनी सजा पूरी की और जेल से रिहा होकर घर लौट आया था.
घर लौटने के बाद हत्या
जानकारी के मुताबिक, शरीफ खान की हत्या अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर की. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकले. अचानक हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है और न ही हमलावरों की पहचान हो सकी है.
किसने और क्यों की हत्या?
इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या शरीफ खान की हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने आना बाकी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी मिल सकेगी.