Govardhan Puja 2026: दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व हिंदू धर्म में बेहद खास माना जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की परंपरा है. मान्यता है कि गोवर्धन पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष कृपा बनी रहती है. इस पर्व को अन्नकूट पूजा के नाम से भी जाना जाता है. वहीं, महाराष्ट्र में इसे बलि प्रतिपदा के रूप में मनाया जाता है.
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के अनुसार, गोवर्धन पूजा आज यानी 10 नवंबर 2026 को मनाई जा रही है. आइए जानते हैं पूजा का शुभ मुहूर्त, विधि और इससे जुड़ी खास मान्यताएं.
गोवर्धन पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त
- प्रातःकाल पूजा मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक
- सायंकाल पूजा मुहूर्त: दोपहर 3:46 बजे से शाम 6:02 बजे तक
कैसे करें गोवर्धन भगवान की पूजा?
गोवर्धन पूजा के दिन घर के आंगन या किसी साफ खुले स्थान पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है. इसके बाद उसे फूलों और रंगों से सजाया जाता है. पूजा के लिए सबसे पहले गोवर्धन पर्वत को रोली, अक्षत, फूल, धूप और दीप अर्पित करें. इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें. गोवर्धन महाराज को खीर, बताशे, मिठाई, कढ़ी-चावल और कई तरह के सात्विक पकवानों का भोग लगाएं. इस भोग को अन्नकूट कहा जाता है.
सात परिक्रमा लगाने का है विशेष महत्व
पूजा पूरी होने के बाद गोवर्धन पर्वत की सात बार परिक्रमा करने की परंपरा है. इस दौरान जल अर्पित किया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि घर में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर सात परिक्रमा करने से गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा के समान पुण्य प्राप्त होता है. अंत में भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज की आरती करें. इसके बाद सभी लोगों में प्रसाद बांटें. मान्यता है कि इस पूजा से परिवार में खुशहाली आती है और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है.