UP IAS Transfer List: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस बदलाव के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. सबसे अहम बदलाव गोरखपुर, बरेली और बस्ती मंडल में देखने को मिला, जहां नए मंडलायुक्तों की नियुक्ति की गई है.
सरकार के आदेश के अनुसार इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है. वहीं शम्भु कुमार को बरेली मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वैभव श्रीवास्तव अब बस्ती के नए मंडलायुक्त होंगे. इसके अलावा डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है.
कई विभागों में बदली गई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक फेरबदल में अनिल ढींगरा को आवास आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है. इसके साथ ही उन्हें अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी गई हैं. रवीन्द्र को प्रमुख सचिव कृषि के पद के साथ कृषि उत्पादन मंडी परिषद का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है.इसी क्रम में प्रकाश बिन्दु को उत्तर प्रदेश प्रादेशिक कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (PCDF) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. भूपेन्द्र एस. चौधरी अब प्रशासनिक सुधार विभाग में सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे.
इन अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती
तबादला सूची में कई अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां मिली हैं. सोनिया अग्रवाल को श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.वहीं पुष्प राज सिंह को नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है. सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है, जबकि डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है.
प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश
सरकार का मानना है कि इन तबादलों से विभिन्न विभागों और मंडलों में प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा. नई तैनाती के बाद सभी अधिकारी जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे.