Solar Electric Car Vayve-Eva: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अगर आपकी कार धूप से चार्ज होने लगे तो कैसा रहेगा? सुनने में यह किसी भविष्य की तकनीक जैसा लग सकता है लेकिन पुणे की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी Vayve Mobility ने इस कल्पना को हकीकत का रूप देने की तैयारी कर ली है. कंपनी ने अपनी छोटी सोलर इलेक्ट्रिक कार Vayve Eva पेश की है. यह कार न केवल कम जगह घेरती है बल्कि इसकी छत पर लगा सोलर पैनल भी इसे दूसरी इलेक्ट्रिक कारों से अलग बनाता है.
इस कार की शुरुआती कीमत बैटरी सब्सक्रिप्शन प्लान के साथ 3.25 लाख रुपये रखी गई है. वहीं, बैटरी सहित खरीदने पर इसकी कीमत 3.99 लाख रुपये से शुरू होती है. कंपनी का लक्ष्य खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखना है, जिन्हें रोजाना शहर के भीतर छोटी दूरी तय करनी पड़ती है.
धूप से मिलेगी हर दिन अतिरिक्त रेंज
Vayve Eva की सबसे दिलचस्प खूबी इसकी सोलर रूफ है. कार की छत पर लगाए गए सोलर पैनल सूरज की रोशनी से बिजली बनाकर बैटरी को चार्ज करने में मदद करते हैं. कंपनी का दावा है कि अच्छी धूप मिलने पर इससे रोजाना 10 से 12 किलोमीटर तक की अतिरिक्त रेंज मिल सकती है. इस तरह सालभर में करीब 3,000 किलोमीटर की ड्राइविंग सोलर एनर्जी की मदद से की जा सकती है. इसे सामान्य इलेक्ट्रिक चार्जिंग पॉइंट से भी चार्ज करना होगा.
तीन वेरिएंट, अलग-अलग रेंज और कीमत
कंपनी ने इस कार को तीन विकल्पों में पेश किया है. इनमें Nova, Stella और Vega शामिल हैं.
- नोवा: 9 kWh बैटरी, 125 किलोमीटर रेंज और 3.99 लाख रुपये कीमत.
- स्टेला: 12.6 kWh बैटरी, 175 किलोमीटर रेंज और 4.99 लाख रुपये कीमत.
- वेगा: 18 kWh बैटरी, 250 किलोमीटर रेंज और 5.99 लाख रुपये कीमत.
ये सभी कीमतें बैटरी सहित एक्स-शोरूम कीमतें हैं. बैटरी सब्सक्रिप्शन विकल्प में शुरुआती कीमत 3.25 लाख रुपये है. वहीं बैटरी इस्तेमाल के लिए 2 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क देना होगा. इसमें न्यूनतम मासिक किलोमीटर की शर्तें भी लागू हैं.
क्या है खासियत?
Vayve Eva को बड़े परिवार की कार के बजाय शहर में रोजाना आने-जाने के लिए तैयार किया गया है. इसमें आगे ड्राइवर और पीछे दो यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है. इसका छोटा आकार ट्रैफिक और सीमित पार्किंग वाली जगहों पर उपयोगी हो सकता है. परफॉर्मेंस की बात करें तो कंपनी के मुताबिक, यह कार महज 5 सेकंड में 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. कंपनी की योजना के मुताबिक, Vayve Eva की डिलीवरी 2027 में शुरू होगी.