Credit Card Scheme for Small Business: भारत में बहुत से लोग छोटे स्केल पर बिजनेस करते हैं. ऐसे तमाम छोटे व्यापारी हैं, जो व्यवसाय तो छोटा करते हैं, लेकिन देखा जाए तो देश की इकोनॉमी में एक बड़ा योगदान देते हैं. लेकिन, कई बार इन छोटे व्यापारियों के पास इतनी जमा पूंजी नहीं होती है कि वे अपने बिजनेस को बड़े लेवल पर लेकर जा सकें. इसे देखते हुए केंद्र सरकार इन छोटे कारोबारियों के लिए एक खास क्रेडिट कार्ड लाने की तैयारी में है.
छोटे लेवल पर या MSMEs के लिए सरकार एक क्रेडिट कार्ड लॉन्च करने वाली है, जिसके तहत छोटे कारोबारियों को कम ब्याज पर पैसे मिल सकेंगे. चलिए इस क्रेडिट कार्ड की खासियत और इसकी पूरी डिटेल्स के बारे में जानते हैं.
ब्याज दर होगी कम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छोटे व्यापारियों के लिए लॉन्च होने जा रहे इस क्रेडिट कार्ड की ब्याज दर अन्य कार्डों की तुलना में कम हो सकती है. दरअसल, जहां कुछ दूसरे और सामान्य क्रेडिट कार्ड पर 36 से 42 प्रतिशत तक का सालाना ब्याज वसूलते हैं वहीं, इस क्रेडिट कार्ड में आपको केवल 18 फीसदी ब्याज ही चुकाना पड़ सकता है. हालांकि, अभी पूरी तरह से इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि इसकी ब्याज दर 18 प्रतिशत ही रहने वाली है, लेकिन माना जा रहा है कि छोटे कारोबारियों को इतने के आसपास का ही सालाना ब्याज चुकाना पड़ सकता है.
5 लाख रुपये तक ले सकते हैं कर्ज
माना जा रहा है कि इस स्कीम या योजना के तहत छोटे कारोबारियों को अनसिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे, जिससे वे 5 लाख रुपये तक का कर्ज या लोन कम ब्याज दर पर उठा सकते हैं. इस क्रेडिट कार्ड को इस्तेमाल करने के लिए व्यापारियों को किसी तरह की गारंटी भी नहीं देनी है. उन्हें 5 लाख रुपये तक की तत्काल मदद मिल सकेगी.