Diwali Accident: दिल्ली में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं. पटाखे जलाते समय एक 10 साल का बच्चा घायल हो गया. एक रॉकेट सीधे उसके पेट में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिवार उसे अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत के बाद परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया.
यह घटना बाहरी दिल्ली के नरेला थाना इलाके की राजीव कॉलोनी में हुई. परिवार के मुताबिक, रविवार को दिवाली की पूजा के बाद परिवार पटाखे जला रहा था. बच्चा भी रॉकेट छोड़ रहा था. बताया जा रहा है कि रॉकेट आसमान में जाने के बजाय बच्चे के पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के बाद परिवार बच्चे को नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इससे परिवार में गुस्सा फैल गया. उनका आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही की वजह से उनका बच्चा बच नहीं पाया. इससे अस्पताल में हंगामा हो गया.
बच्चे की मौत की खबर सुनकर पिता की बिगड़ गई तबीयत
अपने बच्चे की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचने पर पिता की तबीयत बिगड़ गई. जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम छा गया है. पुलिस ने बच्चे की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच चल रही है.