Instant loan trap: आज के डिजिटल दौर में पैसों का लेन-देन इतना आसान हो चुका है कि मात्र कुछ ही सेकेंड्स में घर बैठे हुए आप आसानी से अपनी पेमेंट कर सकते हैं या किसी से भी पैसे अपने अकाउंट में मंगवा सकते हैं. ठीक इसी तरह से लोन इंस्टेंट लोन की भी प्रक्रिया मानी जाती है. आमतौर पर मेडिकल इमरजेंसी, बिल पेमेंट या अन्य किसी जरूरी काम के लिए लोग इंस्टेंट लोन लेते हैं. लेकिन, आज के समय में मिनटों में लोन मिलने का दावा करने वाली कुछ सर्विसेज या कंपनियां काफी लोकप्रिय हो रही हैं और चर्चा में भी हैं.
कुछ कंपनियां तुरंत लोन देना का झांसा देकर आपका बैंक अकाउंट भी खाली कर देती हैं. इसलिए ऐसे में आपको सतर्क जरूर रहना चाहिए. चलिए जानते हैं क्या वाकई 5 मिनट में लोन देने वाली कंपनियां फ्रॉड होती हैं.
जाल में फंसाती हैं ऐसी ऐप्स
दरअसल, आज के डिजिटल दौर में ऐसी बहुत सारी ऐप्स हैं, जो आपको डाउनलोड करने के बाद ही इंस्टेंट लोन ऑफर करके आपको 5 मिनट में लोन देने का लालच देती हैं. लालच में आकर कई लोग उनके द्वारा मांगी गई परमिशन को अप्रूव कर देते हैं. इसके बाद यह ऐप्स आपके टेक्स्ट मैसेज, डेटा और बैंक की सारी डिटेल्स का एक्सेस ले लेते हैं. इससे कुछ ही मिनटों में लोन मिलने के बजाय आपका बैंक अकाउंट खाली भी हो जाता है. इसलिए आपको बिना सोचे समझे किसी परमिशन को एक्सेप्ट नहीं करना चाहिए.
इन बातों का जरूर रखें ध्यान
अगर आप इंस्टेंट लोन लेने जा रहे हैं तो ऐसी स्थिति में आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि आप किस प्लेटफॉर्म के जरिए उस ऐप को डाउनलोड कर रहे हैं. अगर आप किसी पेज पर या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिए गए लिंक के माध्यम से इसे डाउनलोड कर रहे हैं तो ऐसा न करें. आपको ऐसी स्थिति में Google Play Store से ही ऐप को डाउनलोड करना चाहिए. इसके अलावा आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि RBI की डायरेक्टरी चेक कर लेनी चाहिए. इसके लिए ऐप का RBI रजिस्टर्ड बैंक या NBFC पार्टनर का होना चाहिए. तभी इसपर भरोसा किया जा सकता है. साथ ही आपको अपनी पर्सनल डिटेल्स शेयर नहीं करनी चाहिए.