Lenskart Q2 Results: आईवियर कंपनी Lenskart Solutions के शेयरों में 5 नवंबर को शानदार तेजी देखने को मिली. कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे बेहतर रहने के बाद निवेशकों ने शेयरों में जमकर खरीदारी की. मजबूत बिक्री और प्रॉफिट मार्जिन में सुधार का असर कंपनी के मुनाफे पर दिखाई दिया. कारोबार के दौरान शेयर 52 हफ्ते के नए हाई ₹762.75 तक पहुंच गया.
हालांकि, सुबह 10:10 बजे शेयर थोड़ा फिसलकर ₹735.35 पर कारोबार कर रहा था. इसके बावजूद इसमें पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले ₹45.65 यानी 6.62 फीसदी की तेजी थी. इससे पहले शेयर ₹750 पर खुला था. कंपनी के शेयरों में इस साल अब तक 68.18 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है. पिछले एक हफ्ते में 8.17 फीसदी और एक महीने में 6.45 फीसदी का रिटर्न मिला है.
दूसरी तिमाही में मुनाफा 122 फीसदी बढ़ा
Lenskart का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 122.1 फीसदी बढ़कर ₹227.08 करोड़ हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹102.22 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था. वहीं, कंपनी की ऑपरेशंस से होने वाली आय 35.7 फीसदी बढ़कर ₹2,845.03 करोड़ पहुंच गई. पिछले साल यह ₹2,096.14 करोड़ थी. इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी 31.1 फीसदी बढ़कर ₹2,596.80 करोड़ हो गया. हालांकि, खर्च के मुकाबले रेवेन्यू में ज्यादा तेजी रही.
छोटे शहरों में भी बढ़ रहा कारोबार
कंपनी के कारोबार में भारत की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही. दूसरी तिमाही में भारत से रेवेन्यू 35.3 फीसदी बढ़कर ₹1,668 करोड़ हो गया. आईवियर की बिक्री की मात्रा में 26.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
कंपनी ने इस दौरान भारत में 143 नए स्टोर खोले. इनमें से 94 स्टोर टियर-2 और छोटे शहरों में शुरू किए गए. इसके अलावा 61 नए शहरों में कारोबार का विस्तार किया गया. अब भारत में कंपनी के कुल 665 शहरों में 2,868 स्टोर हैं.
विदेशों में भी बढ़ी कमाई
कंपनी के इंटरनेशनल कारोबार से रेवेन्यू 29.5 फीसदी बढ़कर ₹1,201 करोड़ हो गया. जापान, दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट के बाजारों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली. विदेशों में आईवियर की बिक्री की मात्रा 29.7 फीसदी बढ़ी.
स्टोर विस्तार और मुनाफे पर फोकस
तिमाही के दौरान Lenskart ने दुनियाभर में 165 नए स्टोर जोड़े. इसके साथ कंपनी के कुल एक्टिव स्टोर की संख्या बढ़कर 3,624 हो गई. कंपनी ने पहली छमाही में ₹388 करोड़ का ऑपरेटिंग कैश फ्लो भी हासिल किया.
इसके अलावा कंपनी ने तिमाही में करीब 80 लाख लोगों की आंखों की जांच की, जो पिछले साल के मुकाबले 40.4 फीसदी ज्यादा है. भारत में उसके गोल्ड प्रोग्राम के एक्टिव सदस्यों की संख्या भी 1 करोड़ के पार पहुंच गई.
(डिस्क्लेमर : यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से दी गई है. इसे वित्तीय, निवेश, कानूनी या कर संबंधी सलाह न समझें। किसी भी वित्तीय निर्णय लेने से पहले पाठकों को विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए.)
यह भी पढ़ें: Gold Price Today: सोने की कीमतों में फिर आया उछाल, दिल्ली से लेकर मुंबई तक; जानें आज का ताजा रेट