janese Couple Lucknow Wedding: कहते हैं कि अगर प्यार सच्चा हो तो रिश्ते में आई दूरियां भी उसे खत्म नहीं कर सकतीं. कुछ ऐसी ही खूबसूरत कहानी जापान के एक कपल की सामने आई है, जिन्होंने तलाक लेने के बाद एक बार फिर साथ रहने का फैसला किया. इतना ही नहीं, इस कपल ने अपने रिश्ते को नया नाम देने के लिए भारत में हिंदू रीति-रिवाज से दोबारा शादी रचाई. जापान के हिरो चिहारा और शिजू ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक-दूसरे के साथ सात फेरे लिए. इस खास मौके पर उनके तीन बच्चे, परिवार के सदस्य और दोस्त भी मौजूद रहे.
तलाक के बाद फिर एक हुए हिरो और शिजू
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, जापानी कपल हिरो चिहारा और शिजू ने 23 नवंबर को लखनऊ के गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में शादी की. दोनों ने साल 2022 में तलाक ले लिया था, लेकिन एक साल बाद यानी 2023 में फिर से एक साथ आने का फैसला किया. इस दौरान उनके भारतीय दोस्तों ने भी दोनों को दोबारा रिश्ता जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया. धीरे-धीरे दोनों के बीच फिर से नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया.
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: The husband, Hiro Chihara, said, “It was a very precious experience that we could have such a beautiful wedding…we divorced in 2022 and remarried each other, we wanted to do it in India.” (23.11) https://t.co/teu5Tddfwt
— ANI (@ANI) November 23, 2026
भारतीय परिधानों में नजर आया जापानी कपल
इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि जापानी कपल ने पूरी तरह भारतीय अंदाज में विवाह किया. हिरो चिहारा कुर्ता-पायजामा पहने नजर आए, जबकि उनकी पत्नी शिजू ने सलवार-कुर्ता पहना था.
शादी के दौरान दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों का पालन किया. उन्होंने एक-दूसरे को फूलों की माला पहनाई, शिजू ने मांग में सिंदूर लगाया और दोनों ने पवित्र अग्नि के चारों ओर सात फेरे लिए. इस दौरान उनके तीनों बच्चे भी मौजूद रहे और उन्होंने अपने माता-पिता के इस खास पल को देखा.
भारत से प्यार ने लखनऊ में कराई दोबारा शादी
हिरो और शिजू भारत से काफी प्रभावित हैं. यही वजह है कि उन्होंने दोबारा शादी करने के लिए भारत को चुना. ANI से बातचीत में हिरो ने इस खास मौके को यादगार अनुभव बताया.उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए बेहद अनमोल अनुभव था कि हमें इतनी खूबसूरत शादी करने का मौका मिला.”
अपनी प्रेम कहानी के बारे में बताते हुए हिरो ने कहा कि दोनों ने 2022 में तलाक लिया था, लेकिन बाद में फिर से साथ आने का फैसला किया. उन्होंने कहा, “हमें भारत से प्यार है. हम अपनी शादी भारत में ही करना चाहते थे.”
दोस्त की शादी में पहुंचे थे लखनऊ, फिर खुद भी रचा लिया विवाह
रिपोर्ट के मुताबिक, हिरो और शिजू अपने परिवार के साथ एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए लखनऊ आए थे. उनके दोस्त पंकज जोशी की शादी 21 नवंबर को थी. इसी दौरान दोनों भारतीय शादी की परंपराओं और रस्मों से काफी प्रभावित हुए.
इसके बाद उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से अपनी शादी करने की इच्छा जाहिर की. उनकी इच्छा को देखते हुए गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में विवाह की व्यवस्था की गई.
इस तरह किसी और की शादी में शामिल होने आया यह कपल खुद भी अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू कर गया. तलाक, फिर से मुलाकात और दोबारा शादी तक का हिरो और शिजू का सफर इस बात की मिसाल है कि कभी-कभी रिश्तों को एक दूसरा मौका देना भी खूबसूरत हो सकता है.