Oracle Layoff: टेक दिग्गज कंपनी ‘ओरेकल’ ने बड़ी छंटनी का एलान कर दिया है. बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी ओरेकल इस महीने एक और छंटनी की तैयारी करने जा रही है. कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश जारी रखते हुए पेरोल लागत कम करना चाहती है, जिसके लिए ये फैसला लिया गया है. जानकारी के अनुसार, बिजनेस इनसाइडर ने बताया कि Oracle ने मैनेजरों से उन कर्मचारियों की पहचान करने को कहा है जो प्रस्तावित छंटनी से प्रभावित हो सकते हैं.
उम्मीद है कि ये कटौती कंपनी के दूसरे फाइनेंशियल क्वार्टर यानी 1 सितंबर से शुरू होने क्वार्टर से पहले लागू कर दी जाएगी. इसके अलावा कुछ टीमों में डबल-डिजिट में प्रतिशत के हिसाब से कटौती की जा सकती है.
एक बार फिर बड़ी छंटनी का एलान
बिजनेस इनसाइडर के अनुसार, इस साल की शुरुआत में हुई बड़ी छंटनी के बाद एक बार फिर कंपनी ने ये कदम उठाया है. हालांकि अब तक इस बात का कोई एलान नहीं किया गया है कि कंपनी कितने कर्मचारियों को हटाने वाला है. इस साल की शुरुआत में कंपनी बड़ी छंटनी कर चुकी है. इस दौरान 21,000 लोगों को कंपनी से निकाला गया था. वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि फाइनेंशियल ईयर 2026 में ओरेकल के कर्मचारियों की संख्या में 21,000 की कमी आई, जो कुल वर्कफोर्स का लगभग 13 प्रतिशत है. इससे कंपनी में अब लगभग 141,000 कर्मचारी बचे हैं.
AI में मजबूत कर रहा पकड़
छंटनी की यह खबर ऐसे समय में आई है जब ओरेकल तेजी से बढ़ते AI मार्केट में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए खर्च बढ़ा रही है. कंपनी ने फाइनेंशियल ईयर 2026 में AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर 55.7 अरब डॉलर खर्च किए. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन निवेशों को सपोर्ट करने के लिए 43 अरब डॉलर उधार लिए. ओरेकल मौजूदा फाइनेंशियल ईयर में डेट और इक्विटी के जरिए अतिरिक्त 40 अरब डॉलर जुटाने की भी योजना बना रही है.
क्लाउड सर्विस रेवेन्यू में बढ़त
भारी खर्च के बावजूद, ओरेकल के क्लाउड बिजनेस की मांग मजबूत बनी हुई है. AI कंप्यूटिंग क्षमता की बढ़ती मांग के कारण कंपनी के क्लाउड सर्विस रेवेन्यू में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, इसके निवेश कार्यक्रम के पैमाने ने निवेशकों के बीच चिंता भी पैदा की है और इस साल Oracle के शेयरों में काफी गिरावट आई है. हालांकि अब तक Oracle या उसके अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से इस बार की छंटनी के बारे में कोई पुष्टि नहीं की है.
2026 में सेवरेंस का बढ़ा खर्चा
जून में प्रकाशित रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, Oracle की फाइलिंग से पता चला कि कंपनी ने फाइनेंशियल ईयर 2026 में सेवरेंस यानी नौकरी छूटने पर मिलने वाला मुआवजा और रीस्ट्रक्चरिंग से जुड़े अन्य खर्चों पर 1.84 अरब डॉलर खर्च किए गए, जो पिछले फाइनेंशियल ईयर के 374 मिलियन डॉलर से काफी ज्यादा हैं.
ये भी पढ़ें: Pune Murder Case: उस रात कमरा नंबर 310 में क्या हुआ, जिसने लव ट्रायंगल को दिया खूनी रंग, हो जाएंगे हैरान