Pune Murder Case: पुणे के हिंजवड़ी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक लव ट्रायंगल ने खूनी अंजाम ले लिया. पीजी में रहने वाले युवक की लोहे की रॉड से बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि युवती पर भी जानलेवा हमला किया गया. आरोपी ने इतनी क्रूरता दिखाई कि मृतक पर एक-दो नहीं बल्कि 13 से 14 बार लोहे की रॉड से वार किए. पूरी वारदात पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पीजी में रहने आई लड़की
हिंजवड़ी स्थित सात मंजिला पीजी में पिछले चार दिनों से सागर गायकवाड़ मैनेजर के रूप में काम कर रहा था. बुधवार रात निकिता शिवाजी दनाने एक महीने के लिए पीजी में रहने आई थी. उसने पीजी संचालक को बताया था कि सागर उसका प्रेमी है. इसके बाद सागर ने निकिता को तीसरी मंजिल के कमरे नंबर 310 में ठहराया.
पीजी पहुंचा दिनेश
अगले दिन दोपहर दिनेश महादेव झांबरे नाम का युवक पीजी पहुंचा. उसने कहा कि उसे सागर से मिलना है और उसकी प्रेमिका निकिता यहीं रह रही है. कर्मचारियों ने बताया कि सागर तीसरी मंजिल पर है. इसके बाद दिनेश खुद तीसरी मंजिल पर पहुंच गया. कुछ ही देर में वहां से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं. जब लोग मौके पर पहुंचे तो सागर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और दिनेश लोहे की रॉड से लगातार उस पर हमला कर रहा था. आरोपी ने निकिता पर भी जानलेवा हमला किया.
स्कूल के समय था रिलेशन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिनेश और निकिता के बीच स्कूल के समय से प्रेम संबंध थे. बाद में दोनों बीसीए की पढ़ाई के लिए पुणे आए. इसी दौरान निकिता और सागर के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. इसी बात से नाराज होकर दिनेश ने दोनों की हत्या की साजिश रची। हमले में सागर गायकवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल निकिता अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है.
सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई वारदात
इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी वारदात पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने सागर पर लोहे की रॉड से 13 से 14 वार किए. सीसीटीवी फुटेज में हमले की क्रूरता साफ दिखाई दे रही है. पुलिस ने आरोपी दिनेश महादेव झांबरे को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: हर्षवर्धन राणे, संजीदा शेख को कर रहे डेट? सोशल मीडिया की पोस्ट से बढ़ी अटकलें, शेयर कीं तस्वीरें