प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े देश के करोड़ों किसानों की नजरें अब अपनी अगली किस्त पर टिकी हैं. 23वीं किस्त बीते 20 जून को जारी की जा चुकी है, जिसके बाद अब किसानों को अगस्त से नवंबर की अवधि वाली 24वीं किस्त का इंतजार है. हर किसी के मन में बस एक ही सवाल है कि 2,000 रुपये का यह पैसा सितंबर में ही खाते में आ जाएगा या फिर इसके लिए अक्टूबर-नवंबर तक का इंतजार करना पड़ेगा. आइए जानते हैं…
क्या सितंबर में आएगी 24वीं किस्त?
PM किसान योजना के तहत सरकार पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद देती है. यह राशि 2,000-2,000 रुपये की तीन अलग-अलग किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है.
नियम के मुताबिक, पहली किस्त अप्रैल से जुलाई, दूसरी किस्त अगस्त से नवंबर और तीसरी किस्त दिसंबर से फरवरी के बीच आती है. चूंकि 23वीं किस्त जून में मिल चुकी है, इसलिए अब दूसरी (24वीं) किस्त की बारी है. सितंबर की शुरुआत के साथ ही किसानों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, लेकिन अगर पिछले कुछ सालों का रिकॉर्ड देखें, तो अगस्त-नवंबर वाली किस्त ज्यादातर अक्टूबर या नवंबर के महीने में ही जारी की गई है.
इस हिसाब से देखें तो सितंबर में किस्त आने की संभावना थोड़ी कम नजर आ रही है. हालांकि, सटीक तारीख की जानकारी सरकार की तरफ से आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही साफ हो पाएगी.
किस्त अटकने से बचाना है तो तुरंत कर लें ये जरूरी काम
अगली किस्त का इंतजार करने के साथ-साथ किसानों को अपने दस्तावेजों और खाते की स्थिति भी जांच लेनी चाहिए, ताकि पैसा रुकने की नौबत न आए:
- अगर आपकी e-KYC अधूरी है, तो किस्त रुक सकती है. इसे आप किसी भी नजदीकी सीएससी (CSC) सेंटर पर जाकर आसानी से करवा सकते हैं.
- यह सुनिश्चित कर लें कि आपकी किसान आईडी एक्टिव है और जमीन के कागजातों (भू-लेख) में आपका नाम सही तरीके से दर्ज है.
- अपना बैंक खाता एक्टिव रखें और यह जरूर चेक कर लें कि आपका खाता आधार कार्ड से लिंक है या नहीं.
- सितंबर में किस्त आने की किसी पक्की तारीख पर भरोसा करने के बजाय सरकारी ऐलान का इंतजार करें और तब तक अपने खाते व ई-केवाईसी से जुड़ी कमियों को दूर कर लें.