Dhami Stone Pelting Fair: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों में एक ऐसा मेला लगता है, जहां न फूलों की बारिश होती है और न रंगों की. यहां दो गुट आमने-सामने खड़े होते हैं और फिर शुरू होता है पत्थर बरसाने का सिलसिला. हैरानी की बात यह है कि इस खेल में शामिल लोग खुद एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हैं. जब किसी के शरीर से खून निकलता है, तभी इस अनोखी परंपरा की एक खास रस्म पूरी मानी जाती है. यह कोई कहानी नहीं बल्कि सदियों से चली आ रही धामी के पत्थर मेले की परंपरा है.
दीपावली के अगले दिन जुटती है भीड़
शिमला से करीब 30 किलोमीटर दूर धामी के हलोग में हर साल दीपावली के दूसरे दिन इस अनोखे मेले का आयोजन होता है. इसे पत्थर का मेला या पत्थर खेल भी कहा जाता है. सोमवार को भी यहां सदियों पुरानी परंपरा निभाई गई. मेले को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग धामी चौराहे के आसपास जमा हुए. इसकी शुरुआत राजपरिवार की ओर से नरसिंह पूजा के साथ होती है. इसके बाद धामी रियासत के राजा पारंपरिक शाही अंदाज में मेले के मैदान में पहुंचते हैं.
#WATCH | Shimla, Himachal Pradesh: A large number of people gathered in Dhami village to witness the traditional Stone-Pelting Fair, locally known as ‘Patthar Ka Khel’. Celebrated every year on the day after Diwali, the nearly 400-year-old ritual involves two groups of villagers throwing stones at each other until a participant sustains a minor injury. A few drops of the injured participant’s blood are then offered to Goddess Bhadrakali. The tradition is believed to have originated as an alternative to human sacrifice, which was practised centuries ago to appease the deity and seek protection from diseases, natural calamities and other misfortunes.
— ANI (@ANI) November 9, 2026
क्यों शुरू हुआ पत्थरों का खेल?
इस मेले के पीछे एक पुरानी मान्यता जुड़ी हुई है. कहा जाता है कि पहले यहां मां भद्रकाली को प्रसन्न करने के लिए नर बलि दी जाती थी. धामी रियासत की रानी ने इस प्रथा को बंद करने का आदेश दिया और उसकी जगह पशु बलि शुरू करवाई. बाद में पशु बलि भी बंद कर दी गई. इसके बाद पत्थरों का खेल इस परंपरा का हिस्सा बन गया.
खून निकलते ही पूरी होती है खास रस्म
इस मेले की सबसे चौंकाने वाली परंपरा खून से जुड़ी है. जब पत्थर लगने से किसी प्रतिभागी को चोट आती है और उसके शरीर से खून निकलता है, तो उस खून से मां भद्रकाली के चबूतरे पर तिलक लगाया जाता है. स्थानीय मान्यता के अनुसार, इसी रस्म के साथ मेले की परंपरा पूरी होती है.
हर कोई नहीं फेंक सकता पत्थर
इस खेल में हिस्सा लेने के भी कुछ तय नियम हैं. एक तरफ राजपरिवार से जुड़े जठोली, तुनड़ू, धगोई और कटेड़ू खानदान के लोग होते हैं. वहीं दूसरी तरफ जमोगी खानदान के सदस्य पत्थर बरसाते हैं. दूसरे लोग केवल दर्शक बनकर मेले को देख सकते हैं. राजवंश और स्थानीय लोगों का दावा है कि सदियों से चल रहे इस आयोजन में पत्थर लगने से आज तक किसी की जान नहीं गई. चोटिल लोगों को स्थानीय अस्पताल में इलाज दिया जाता है। मान्यता यह भी है कि राजपरिवार में किसी सदस्य की मृत्यु होने पर पहले मेले की रस्म पूरी की जाती है और उसके बाद अंतिम संस्कार होता है. रहस्य, आस्था और परंपरा का यह अनोखा संगम आज भी लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: 4 लाख मेहमान, 150 पकवान और देशभर की हस्तियों को न्योता… अनंत सिंह की बेटी की शादी में दिखेगा शाही अंदाज!