Nalanda News: बिहार के नालंदा से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर पत्नी के घर लौटने का इंतजार कर रहे 22 वर्षीय युवक की जिंदगी का दुखद अंत हो गया. मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के वक्त युवक अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था. पुलिस को उसके मोबाइल से घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी मिला है.
मृतक की पहचान रंगीला बिगहा गांव निवासी राजेंद्र यादव के बेटे विक्रम कुमार के रूप में हुई है. वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था. करीब दो साल पहले उसकी शादी नवादा जिले के रजौली की रहने वाली प्रीति कुमारी से हुई थी. दोनों का एक साल का बच्चा भी है.
15 दिन पहले मायके गई थी पत्नी
परिजनों के मुताबिक, प्रीति करीब 15 दिन पहले अपने मायके गई थी. विक्रम चाहता था कि पत्नी दीपावली और छठ के त्योहार पर ससुराल लौट आए लेकिन उसने दो महीने बाद आने की बात कही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से फोन पर बहस हो रही थी. विक्रम के भाई विकास कुमार ने बताया कि घटना वाले दिन तक सब कुछ सामान्य लग रहा था. परिवार के लोगों से बातचीत करने के बाद विक्रम अपने कमरे में चला गया. उस समय उसकी पत्नी के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत हो रही थी. इसी दौरान पत्नी को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ. उसने तुरंत गांव के कुछ लोगों को फोन कर इसकी जानकारी दी.
पत्नी की सूचना पर दौड़े ग्रामीण
पत्नी से सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन विक्रम के कमरे की ओर भागे. दरवाजा अंदर से बंद था. काफी कोशिश के बाद दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में बाहर निकाला. आनन-फानन में विक्रम को पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने दी ये जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. पुलिस ने विक्रम का मोबाइल जब्त किया है, जिसमें घटना से पहले बनाया गया एक वीडियो भी मिला है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Shahjahanpur News: सुबह दौड़ लगाने निकलीं दो सहेलियां, एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले शव; गांव में मचा हड़कंप