Delhi car showroom fire: दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में शुक्रवार को एक कार शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम के अंदर खड़ी कई कारें इसकी चपेट में आ गईं और देखते ही देखते जलने लगीं. इमारत से उठते काले धुएं के घने गुबार ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. शोरूम के अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान भी चलाया गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया.
शाम 3:47 बजे मिली आग लगने की सूचना
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के मुताबिक, शुक्रवार शाम 3 बजकर 47 मिनट पर कार शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद दमकल की 10 गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर रवाना किया गया. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटे थे. दिल्ली पुलिस की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं.
शोरूम में खड़ी कई कारें जलकर खाक
शोरूम में आग लगने के बाद वहां खड़ी कई कारें इसकी चपेट में आ गईं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई वाहन एक साथ जलने लगे. इमारत से लगातार काले धुएं का गुबार निकल रहा था, जो काफी ऊंचाई तक दिखाई दे रहा था. आग पूरे परिसर में फैलने के कारण दमकलकर्मियों को इसे नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान शोरूम के अंदर लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान भी जारी रखा गया.
मौके पर जुटी भीड़, सड़क पर लगा जाम
कार शोरूम में आग की घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई. सड़क से गुजर रहे लोग भी रुककर आग का वीडियो बनाने लगे. इससे शोरूम के आसपास सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई. हालात को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया, ताकि दमकल की गाड़ियों को आने-जाने और राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी न हो. फिलहाल शोरूम में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने और इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटी थीं. आग से कितनी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और घटना में कोई हताहत हुआ या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.