Abhishek Sharma Viral Video: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ वृंदावन में अजीबोगरीब घटना हो गई. अभिषेक शर्मा की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इस वीडियो में दावा किया गया है कि वृंदावन में दर्शन करने के दौरान अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) की चप्पल चोरी हो गई. दरअसल, अभिषेक शर्मा अपने अगले आईपीएल मैच से पहले अपनी मां के साथ वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे.
जानकारी के मुताबिक, मंदिर में भगवान के दर्शन करके पूजा अर्चना करने के बाद जब अभिषेक शर्मा बाहर आए, तो पता चला कि उनकी चप्पल गायब है. अभिषेक शर्मा अपनी चप्पल ढूंढते हुए नजर आते हैं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिषेक शर्मा मंदिर परिसर के बाहर अपनी चप्पल खोज रहे हैं. वायरल वीडियो में दावा है कि अभिषेक शर्मा की चप्पल चोरी हो गई है. हालांकि न्यूज इंडिया इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
अभिषेक शर्मा के साथ क्या हुआ?
वायरल वीडियो (Viral Video) किसी फैन द्वारा शूट किया गया है. वीडियो बनाने वाले शख्स ने बताया कि पूरी घटना के बारे में बताया है. वीडियो शूट करने वाले शख्स ने कहा, ‘ये देखो भाई अभिषेक शर्मा मंदिर में दर्शन करने गए थे और जब बाहर आए तो उनकी चप्पल गायब हो गई है. यहां पर बहुत सारे चप्पल हैं, लेकिन उनकी और माता जी की चप्पल नहीं मिल रही. वीडियो में शख्स ने बताया कि चप्पल न मिलने पर अभिषेक शर्मा गुस्सा भी हो गए. शख्स ने आगे कहा कि चप्पल किसी ने जानबूझकर चुराई नहीं होगी. यहां पर बहुत ज्यादा भीड़ है, जिसकी वजह से जल्दबाजी में चप्पल इधर-उधर हो गई होगी. इसके बाद मंदिर प्रशासन ने अभिषेक शर्मा और उनकी मां के लिए चप्पल का इंतजाम किया.
राजस्थान के खिलाफ खेलेंगे अभिषेक शर्मा
सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आईपीएल 2026 में तबाही मचा रहे हैं. अभिषेक शर्मा 25 अप्रैल (शनिवार) को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच खेलने के लिए उतरेंगे. पिछले मैच में अभिषेक शर्मा ने शानदार शतक लगाया था. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ नाबाद 135 रनों की पारी खेली थी. अभिषेक शर्मा ने अभी तक इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया है. अभी तक उन्होंने 7 पारियों में 53.83 की औसत और 215.33 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 323 रन बनाए हैं. फिलहाल अभिषेक शर्मा मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं.