Ayush Mhatre Injury Upadate: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. 18 अप्रैल को खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हरा दिया. इस करीबी हार के साथ ही CSK को एक और बड़ा झटका लगा है. दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की बाईं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट आई है. आयुष म्हात्रे इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की रीढ़ बने हुए हैं. आयुष म्हात्रे CSK के लिए तीसरे नंबर पर शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. पिछले सीजन उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था. इसके बाद उन्होंने अपनी तूफानी और समझदारी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित कर दिया है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन चोट की वजह से जल्दी आउट हो गए.
आयुष म्हात्रे की चोट कितनी गंभीर?
चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच माइकल हसी ने मैच के बाद आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) की इजंरी को लेकर अपडेट दिया. माइकल हसी ने कहा, ‘आयुष म्हात्रे की बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट आई है. मुझे नहीं पता कि यह कितनी गंभीर है. हम स्कैन करवाएंगे, लेकिन दुर्भाग्य से यह बहुत गंभीर लग रही है, यह एक बड़ा नुकसान हो सकता है.’ अगर आयुष म्हात्रे इंजरी की वजह से अगले कुछ मैचों से बाहर होते हैं, तो यह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा झटका होगा.
आयुष म्हात्रे का कैसे लगी चोट?
सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के खिलाफ आयुष म्हात्रे इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर आए थे. उन्होंने तीसरे नंबर पर आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी. आयुष म्हात्रे ने 12 गेंदों पर ही 30 रन ठोक दिए. इसी दौरान 2 रन लेते समय आयुष म्हात्रे परेशानी में दिखाई दिए. आयुष म्हात्रे ने रुककर अपनी हैमस्ट्रिंग पकड़ ली और हेलमेट उतार दिया. वह काफी दर्द में दिखाई दिए, जिसके बाद फिजियो तुरंत भागते हुए मैदान में आए. मैदान पर ही इलाज के बाद आयुष म्हात्रे ने बल्लेबाजी जारी रखी. अगली गेंद पर आयुष म्हात्रे 1 रन भागकर स्ट्राइक पर पहुंचे. फिर अगली गेंद पर म्हात्रे ने एक्स्ट्रा कवर की ओर जोरदार शॉट मारा, लेकिन हेनरिक क्लासेन ने शानदार कैच लपक लिया.
IPL 2026 में आयुष म्हात्रे का प्रदर्शन
CSK के स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे IPL 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. म्हात्रे ने 6 पारियों में 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए हैं. इसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं.