KL Rahul Eyes On MS Dhoni Record: दिल्ली कैपिटल्स के सलामी स्टार बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल में इतिहास रचने के करीब हैं. केएल राहुल मंगलवार (21 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरेंगे. इस मुकाबले में केएल राहुल के निशाने पर एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड है. दरअसल, आईपीएल में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम दर्ज हैं.
एमएस धोनी (MS Dhoni) ने विकेटकीपर बैटर के तौर पर सबसे ज्यादा 5,439 बनाए हैं. फिलहाल एमएस धोनी चोटिल होने की वजह से मैदान से दूर चल रहे हैं. ऐसे में केएल राहुल उनका रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं. इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए केएल राहुल को सिर्फ 50 रन की जरूरत है. इसके साथ ही वह आईपीएल में नया इतिहास भी रच देंगे.
केएल राहुल तोड़ेंगे धोनी का महारिकॉर्ड
केएल राहुल (KL Rahul) ने आईपीएल में अभी तक 5,390 रन बनाए हैं. वह एमएस धोनी को रनों के मामलों में पीछे छोड़ने से सिर्फ 50 रन दूर हैं. अगर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ केएल राहुल फिफ्टी लगा देते हैं, तो धोनी को पीछे छोड़ देंगे. इसी के साथ केएल राहुल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले छठे खिलाड़ी बन जाएंगे. फिलहाल केएल राहुल इस लिस्ट में 7वें नंबर पर हैं. बता दें कि आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम दर्ज है. उन्होंने आईपीएल में अभी तक 8,908 रन बनाए हैं. इसके बाद दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा, तीसरे पर शिखर धवन आते हैं.
IPL में सबसे ज्यादा रन
- विराट कोहली- 8908 रन
- रोहित शर्मा- 7183 रन
- शिखर धवन- 6769
- डेविड वॉर्नर- 6565
- सुरेश रैना- 5528
- एमएस धोनी- 5439
- केएल राहुल- 5390
केएल राहुल और धोनी का आईपीएल करियर
एमएस धोनी के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने अभी तक कुल 278 मैच खेले हैं. इस दौरान धोनी के बल्ले से 5,439 रन आए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 84 रहा है. वहीं. केएल राहुल ने अभी 150 मैच खेले हैं, जिनमें 5,390 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 42 अर्धशतक और 5 शतक आए हैं. हालांकि एमएस धोनी फिनिशर के तौर पर खेलते हैं, जिससे उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिलता. वहीं, केएल राहुल ओपनर और मिडिल ऑर्डर के तौर पर खेलते आए हैं, जिससे उनके पास बड़ी पारी खेलने का मौका होता है.