IPL 2026 अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है और आज लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में एक बेहद अहम मुकाबला होने जा रहा है. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा. दोनों ही टीमें फिलहाल अंक तालिका में काफी नीचे हैं, इसलिए टूर्नामेंट में बने रहने के लिए दोनों के लिए ही यह ‘करो या मरो’ जैसा मैच है.
इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
इस सीजन में इकाना की पिच चर्चा का विषय बनी हुई है. लखनऊ के कोच जस्टिन लैंगर ने तो इसकी तुलना ऑस्ट्रेलिया के वाका (WACA) मैदान से कर दी है, जो अपनी रफ्तार और उछाल के लिए जाना जाता है. आमतौर पर भारत की पिचें धीमी होती हैं, लेकिन यहाँ की काली मिट्टी वाली पिच पर अच्छा बाउंस और कैरी मिल रहा है. दिलचस्प बात यह है कि इसी उछाल ने खुद लखनऊ के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है. तेज गेंदबाजों को मदद मिलने के बावजूद, दोपहर की तेज गर्मी के कारण खेल के बीच के ओवरों (8-15 ओवर) में पिच सूखी हो जाती है, जिससे स्पिनर्स को टर्न और ग्रिप मिलने की उम्मीद है. इस बड़े मैदान पर 170-185 का स्कोर चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है. अगर कोई टीम 190 पार कर लेती है, तो वह जीत के करीब हो सकती है. हालांकि इस बार आईपीएल में कोई भी लक्ष्य सुरक्षित नहीं लग रहा, खासकर कल (25 अप्रैल) के दो बड़े चेज़ के बाद.
कैसा रहेगा मौसम?
लखनऊ में इन दिनों भीषण लू चल रही है। 26 अप्रैल के मौसम का हाल कुछ ऐसा है. दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब है और उत्तर-पश्चिम से गर्म हवाएं चल रही हैं. शाम को भी गर्मी बरकरार रहेगी, देर रात तक तापमान गिरकर 27 डिग्री तक आने की उम्मीद है. बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, गर्मी के बावजूद दूसरी पारी में ओस गिर सकती है, जिससे गेंद स्किड होगी और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिल सकता है.
मैच प्रेडिक्शन: कौन जीतेगा?
लखनऊ के पास होम एडवांटेज और बेहतर रिकॉर्ड तो है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी समस्या खुद उनकी अपनी पिच है. इकाना की उछाल भरी पिचों पर तालमेल न बिठा पाने की वजह से वे यहाँ लगातार तीन मैच हार चुके हैं. वहीं दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की है और उनके हौसले बुलंद हैं। आज के मैच का फैसला वही गेंदबाज करेंगे जो पिच की अतिरिक्त उछाल का सही इस्तेमाल कर पाएंगे.