Lungi Ngidi Injury Update: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 का 35वां मुकाबला एक बेहद डरावने पल में तब्दील हो गया. पंजाब किंग्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के दौरान टीम के स्टार गेंदबाज लुंगी एनगिडी बुरी तरह चोटिल हो गए, जिससे पूरे मैदान पर सन्नाटा पसर गया.
यह वाकया पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में हुआ. एक कैच लपकने की कोशिश में एनगिडी का संतुलन बिगड़ा और वे जमीन पर काफी जोर से गिर पड़े. गिरने के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसे देख खिलाड़ी और फैंस दंग रह गए.
एनगिडी की हालत देख टीम फिजियो तुरंत मैदान की ओर भागे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देरी किए एम्बुलेंस को मैदान के अंदर बुलाना पड़ा. फिलहाल हर कोई उनकी सलामत की दुआ कर रहा है.
Hope Lungi Ngidi hasn’t suffered anything serious 🤯
Hope he recovers quicklyPray for lungi ngidi 🙏
#DCvsPBKS pic.twitter.com/X6Sh31UJ6T
— Dear Zindagi (@saumy99) April 25, 2026
एनगिडी का शरीर हरकत नहीं कर रहा था
बता दें कि मैदान पर लुंगी एनगिडी को इस हालत में देखकर उनके दक्षिण अफ्रीकी साथी डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स पूरी तरह सन्न रह गए. हालांकि एनगिडी फिजियो की बातों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, लेकिन उनका शरीर बिल्कुल भी हरकत नहीं कर रहा था, जो काफी चिंताजनक था. इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया और पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग भी उनकी स्थिति जानने के लिए मैदान के बीचों-बीच आ पहुंचे.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत उनके गले में ‘नेक ब्रेस’ लगाया और एम्बुलेंस के जरिए उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल हर कोई उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है. एनगिडी की जगह श्रीलंका के दुष्मंथा चमीरा ‘कनकशन सब्स्टीट्यूट’ के तौर पर मैदान पर आए हैं.
दिल्ली के लिए बड़ा झटका
आईपीएल 2026 में एनगिडी अब तक शानदार लय में नजर आ रहे थे. उन्होंने 7 मैचों में 7 विकेट झटके थे और दिल्ली की गेंदबाजी की मुख्य कड़ी बने हुए थे. 265 रनों के विशाल लक्ष्य का बचाव कर रही दिल्ली के लिए एनगिडी का बाहर होना किसी बड़े झटके से कम नहीं है.