Mohammed Siraj Lost Luggage: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज मुश्किल में फंस गए हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच से पहले गुजरात टाइटंस के गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपना सामान (Luggage) खो दिया. 24 अप्रैल को मोहम्मद सिराज आरसीबी के खिलाफ मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरेंगे. इस मुकाबले के लिए मोहम्मद सिराज बेंगलुरु पहुंचे हैं, लेकिन रास्ते में ही उनका सामान खो गया. इसके चलते मोहम्मद सिराज मुश्किल में फंस गए हैं.
ऐसे में सिराज ने फैंस से हेल्प मांगी है. दरअसल, मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की. इसमें सिराज ने बताया कि उनका सामान खो गया है. अब उन्हें बेंगलुरु में नए कपड़ों की तलाश है. इसके लिए सिराज ने फैंस से राय मांगी है. मोहम्मद सिराज ने बेंगलुरु के ब्रिगेड रोड के पास के फैशन स्टोर के बारे में फैंस ने सुझाव मांगा.
फैंस के दिए गजब रिएक्शन
मोहम्मद सिराज का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. अब इस पोस्ट पर फैंस के गजब-गजब रिएक्शन सामने आ रहे हैं. कुछ फैंस ने बेंगलुरु में अलग-अलग स्टोर के सुझाव दिए. इसके अलावा एक यूजर ने लिखा, ‘मजाक कर रहे हो क्या भाई?’ वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘पूमा स्टोर जाकर आरसीबी की नई जर्सी खरीद लीजिए’. इतना ही नहीं, एक यूजर ने लिखा, ‘कमर्शियल स्ट्रीट में जाइए.’ एक अन्य यूजर ने लिखा विराट कोहली का सामान इस्तेमाल कर लो.
आरसीबी बनाम गुजरात का मैच
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) बनाम गुजरात टाइटंस (GT) का मैच 24 अप्रैल को खेला जाएगा. यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. इस मुकाबले में विराट कोहली और मोहम्मद सिराज आमने-सामने होंगे.
IPL 2026 में सिराज का प्रदर्शन
मोहम्मद सिराज गुजरात टाइटंस की टीम में तेज गेंदबाजी अटैक का अहम हिस्सा हैं. पिछले सीजन उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. इसके बाद IPL 2026 के लिए भी फ्रेंचाइजी ने सिराज को रिटेन कर लिया. इस सीजन की बात करें, तो मोहम्मद सिराज ने अभी तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 23 ओवर गेंदबाजी की है. इस दौरान मोहम्मद सिराज के खाते में सिर्फ 6 विकेट आए हैं, लेकिन इकॉनमी 8.27 की रही है. अब मोहम्मद सिराज आरसीबी के खिलाफ मैदान पर उतरने जा रहे हैं.