IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पुष्टि की है कि एमएस धोनी अब पूरी तरह फिट हैं और 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर वापसी कर सकते हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान फ्लेमिंग ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) पर मिली जीत के बाद बताया, ‘धोनी अब 100% फिट हैं और नेट पर पूरी लय में प्रैक्टिस कर रहे हैं. हमें पूरी उम्मीद है कि वह हैदराबाद के खिलाफ अगले मैच में खेलेंगे.’
MS धोनी को क्या हुआ?
IPL 2026 से पहले MS धोनी को पिंडली में खिंचाव आ गया. उन्हें यह चोट टूर्नामेंट शुरू होने से पहले प्री-सीज़न ट्रेनिंग के दौरान लगी थी. नतीजतन उन्हें IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर होना पड़ा.
धोनी के बिना CSK का गिरता प्रदर्शन
धोनी को असल में 14 अप्रैल को चेपॉक स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना था. लेकिन जब कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस के दौरान अपनी टीम की घोषणा की, तो ‘माही’ का नाम प्लेइंग XI में शामिल नहीं था. धोनी की गैरमौजूदगी में CSK की स्थिति भी डांवाडोल नज़र आ रही है. सिर्फ़ दो मैच जीतने के बाद, टीम फ़िलहाल पॉइंट्स टेबल पर आठवें स्थान पर है. खिलाड़ियों का गिरता प्रदर्शन फ़्रैंचाइज़ी के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
IPL 2026 में अब तक कैसा रहा CSK का सफर?
इस सीजन की शुरुआत चेन्नई के लिए किसी बुरे सपने जैसी रही थी. धोनी की गैरमौजूदगी में टीम अपने शुरुआती तीनों मैच हार गई थी. हालांकि, अब टीम ने जबरदस्त वापसी की है और लगातार दो जीत दर्ज कर ली हैं. मंगलवार को चेन्नई में खेले गए मैच में CSK ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ चेन्नई अब पॉइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर पहुंच गई है, जबकि KKR अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश में सबसे नीचे बनी हुई है.
कप्तान गायकवाड़ ने ली राहत की सांस
मैच के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा कि लंबे समय बाद जीत का स्वाद चखना अच्छा लग रहा है. उन्होंने अपनी फॉर्म पर बात करते हुए कहा, ‘सच कहूं तो हार का सिलसिला मेरे दिमाग पर हावी हो रहा था, लेकिन पिछली जीत के बाद अब मैं काफी रिलैक्स महसूस कर रहा हूं. मैं मानसिक रूप से पॉजिटिव हूं और मुझे पता है कि एक बड़ी पारी बस आने ही वाली है. जब तक टीम के बाकी खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं, मैं खुश हूं.’