MI vs CSK Match Live Streaming: IPL फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लीग के इतिहास की सबसे सफल टीमों की भिड़ंत होने वाली है. मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 23 अप्रैल को महामुकाबला होने वाला है. ये दोनों ही टीमें 5-5 बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी हैं. ऐसे में इन दोनों टीमों की टक्कर काफी रोमांचक होने वाली है. IPL फैंस बेसब्री से इस मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं. हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की टीम गुजरात टाइटंस को हराकर जीत की पटरी पर वापस आ गई है.
वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम एक बार फिर से जीत की पटरी से उतर गई. लगातार 2 मैच जीतने के बाद चेन्नई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़े. ऐसे में CSK की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी. जानें कब-कहां खेला जाएगा मैच…
कब-कहां होगा महामुकाबला?
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (MI vs CSK) की टीम 23 अप्रैल को भिड़ने जा रही हैं. यह मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जो शाम 7:30 से शुरू होगा. इसके लिए शाम 7 बजे टॉस होगा.
रोहित-धोनी होंगे आमने-सामने!
इस मुकाबले में IPL के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और एमएस धोनी (MS Dhoni) आमने-सामने हो सकते हैं. फिलहाल ये दोनों खिलाड़ी इंजरी की वजह से टीम से बाहर चल रहे हैं. रोहित शर्मा आरसीबी के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान चोटिल हुए थे. इसके चलते वह अगले 2 मैचों में नहीं खेल पाए. वहीं, एमएस धोनी IPL 2026 के पहले दिन से ही चोटिल होने के कारण बाहर हो गए थे. इसके बाद से ही एमएस धोनी मैदान पर नहीं उतरे हैं. हालांकि उम्मीद है कि ये दोनों खिलाड़ी 23 अप्रैल को मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) लगभग पूरी तरह से फिट हैं, जबकि एमएस धोनी भी फुली रिकवर कर चुके हैं. ये दोनों ही दिग्गज खिलाड़ी बड़े मुकाबले से पहले नेट प्रैक्टिस में जमकर पसीना बहा रहे हैं.
प्वाइंट्स टेबल में दोनों का हाल
प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें, तो मुंबई इंडियंस की टीम सीएसके से आगे निकल गई है. मुंबई ने 6 मैचों में 2 मुकाबले जीते हैं, जबकि 4 में हार का सामना किया है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स ने भी 6 मैचों में से 4 मुकाबले हारे हैं, जबकि 2 में जीत हासिल की है. हालांकि मुंबई इंडियंस का नेट रन रेट अच्छा है, जिसके चलते वह सीएसके से आगे हैं.
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
फैंस यह महामुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर देख सकते हैं. इसके अलावा मोबाइल पर JioHotstar के एप और वेबसाइट पर भी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी.