Pat Cummins IPL return: सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने आईपीएल 2026 में वापसी के मजबूत संकेत दिए हैं. तेज गेंदबाज ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह नेट्स में गेंदबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले से पहले फैंस में उत्साह बढ़ गया है. अपने वायरल पोस्ट में कमिंस ने लिखा कि वह “कल फिर से मैदान पर उतरने के लिए बेहद उत्साहित हैं.” इस बयान से यह संकेत मिला कि वह 25 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं.
कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. वह दिसंबर 2025 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेल पाए हैं. उनकी आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ एशेज में जीत के दौरान था. बाद में फिटनेस समस्याओं के कारण वह टी20 विश्व कप 2026 से भी बाहर हो गए थे और इसी वजह से आईपीएल में उनकी वापसी भी देर से हुई.
उनकी अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने संभाली है. इशान की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले सात मैचों में चार जीत दर्ज की हैं और टीम का प्रदर्शन काफी संतुलित रहा है. अब जब कमिंस पूरी तरह फिट होकर वापसी के करीब हैं, तो यह सवाल उठ रहा है कि क्या उन्हें तुरंत कप्तानी वापस दी जाएगी या फिर टीम इशान किशन के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी.
पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने इशान किशन की कप्तानी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि इशान मैदान पर काफी समझदारी से गेंदबाजों का उपयोग करते हैं और परिस्थिति के अनुसार सही फैसले लेते हैं. बांगर का मानना है कि भले ही कमिंस वापस आ जाएं, लेकिन इशान किशन को कप्तान बने रहना चाहिए क्योंकि एक भारतीय कप्तान टीम को ज्यादा स्थिरता दे सकता है. अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि सनराइजर्स हैदराबाद कमिंस की वापसी के बाद क्या फैसला लेती है.