PBKS vs RR: IPL 2026 में आज ओपनर्स की जंग देखने को मिलेगी. 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स का मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जो शाम 7:30 बजे शुरू होगा. इस मुकाबले में दोनों टीमों के ओपनर्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. एक ओर राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) हैं, जो पिछले मैच में 36 गेंदों पर शतक लगाकर आ रहे हैं.
वहीं, दूसरी ओर पंजाब किंग्स के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य हैं, जो इस सीजन 250 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं. इन दोनों ही बल्लेबाजों ने अभी तक अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया. इनके अलावा यशस्वी जायसवाल और प्रभसिमरन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. पंजाब किंग्स अभी तक आईपीएल 2026 में एक भी मैच में नहीं हारी है. ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के सामने पंजाब किंग्स का विजय रथ रोकने की चुनौती होगी.
हेड टू हेड रिकॉर्ड
आंकड़ों की बात करें, तो पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है. दोनों टीमों के बीच कुल 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें से राजस्थान रॉयल्स ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स ने 13 मुकाबले अपने नाम किए हैं. हालांकि साल 2022 से दोनों टीमों के बीच लगभग बराबरी का मुकाबला रहा है. 2022 से दोनों टीमों के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें से राजस्थान ने 4 मुकाबले जीते हैं. वहीं, पंजाब ने 3 मैच अपने नाम किए हैं.
पंजाब बनाम राजस्थान मैच में ओपनर्स की जंग
पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के मैच में ओपनर्स के बीच जंग देखने को मिलेगी. राजस्थान के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी अभी तक इस सीजन में 8 पारियों में 234.86 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बना चुके हैं. पिछले मैच में वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी शतक भी लगाया था. इसके अलावा यशस्वी जायसवाल भी पंजाब किंग्स के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं. हालांकि जायसवाल इस सीजन अच्छी शुरुआत करने के बाद शानदार लय नहीं पकड़ पाए हैं. पिछले कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. ऐसे में जायसवाल पर भी जिम्मेदारी होगी.
वहीं, पंजाब किंग्स की बात करें, तो सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह शानदार फॉर्म में हैं. प्रियांश आर्य (Priyansh Arya) इस सीजन में 6 पारियों में 249.01 के स्ट्राइक रेट से 254 रन बना चुके हैं. वहीं, उनके साथ प्रभसिमरन सिंह ने 6 पारियों में 192.61 के स्ट्राइक रेट से 287 रन बनाए हैं. पिछले मैच में इसी सलामी जोड़ी के दम पर पंजाब किंग्स ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया था.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कॉनली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टॉयनिस, जेवियर बार्टलेट, मार्को यान्सन, विजयकुमार वैशाक, युजवेंद्र चहल.
राजस्थान रॉयल्स: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, बृजेश शर्मा.