Evergreen Song: शादी का घर हो, आंगन में ढोलक बज रही हो और महिलाएं अपने देसी अंदाज में गीत गा रही हों, तो माहौल अपने आप रंगीन हो जाता है. खासकर यूपी और बिहार की शादियों में भोजपुरी लोकगीतों के बिना जश्न अधूरा माना जाता है. जरा सोचिए, अगर दूल्हा शादी के मंडप में आने से पहले हाथी, घोड़ा और मोटरसाइकिल की डिमांड करने लगे तो क्या होगा? जाहिर है, लड़की वालों की मुश्किल बढ़ जाएगी. हालांकि, एक भोजपुरी लोकगीत में महिलाओं ने ऐसी मांग करने वाले दूल्हे को ऐसा जवाब दिया है कि सुनने वाले हंसी नहीं रोक पाते.
आपको जानकर हैरानी होगी कि ये गाना यूपी-बिहार की शादियों में सदियों से गाया जाता है. महिलाएं इसे ढोलक की थाप पर मजे से और ससुरालवालों और बारातियों को छेड़ते हुए गाते हैं.
हाथी-घोड़े से हीरो होंडा तक
इस गाने का नाम है ‘हाथी लेबे घोड़ा लेबे’. इसके बोलों में दहेज मांगने वाले दूल्हे की जमकर खिंचाई की गई है. गाने में दूल्हे की फरमाइशें सुनकर ऐसा लगता है जैसे वह शादी करने नहीं बल्कि कोई लंबी खरीदारी की लिस्ट लेकर बैठा हो. उसकी मांगों में हाथी, घोड़ा और हीरो होंडा जैसी चीजें शामिल हैं. लेकिन महिलाओं का जवाब भी कम दिलचस्प नहीं है. दूल्हे की बढ़ती डिमांड पर वे गाती हैं, ‘लगायब चार डंडा, दिमाग होबे ठंडा.’ यह लाइन सुनते ही शादी के माहौल में ठहाके गूंजने लगते हैं. हालांकि, इस मजाकिया अंदाज के पीछे दहेज प्रथा के खिलाफ एक कड़ा संदेश छिपा है.
उल्का गुप्ता और दीपक ठाकुर की जोड़ी
इस गाने को और दिलचस्प बनाती है उल्का गुप्ता और दीपक ठाकुर की जोड़ी। उल्का गुप्ता को टीवी शो ‘झांसी की रानी’ से खास पहचान मिली थी. वहीं, दीपक ठाकुर ‘बिग बॉस 12’ में नजर आने के बाद काफी लोकप्रिय हुए. बिहार से ताल्लुक रखने वाले दीपक अपने देसी अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं. दोनों की मौजूदगी गाने को खास बनाती है. आपको जानकर हैरानी होगी कि भोजपुरी लोकगायिका प्रिया मल्लिक की आवाज में सजे इस गाने को 10 मार्च 2024 को रिलीज किया गया था. यूट्यूब पर इसे अब तक एक करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है.