Ravichandran Ashwin on Priyansh Arya: भारतीय क्रिकेट में जब भी किसी नए हुनर की चर्चा होती है तो अक्सर तुलनाओं का दौर शुरू हो जाता है. हाल ही में वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे युवा नामों ने अपनी चमक बिखेरी है लेकिन अनुभवी स्पिनर आर अश्विन की नजरों में एक और ऐसा सितारा है जो इन सबसे एक कदम आगे नजर आता है. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर प्रियांश आर्य की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है. प्रियांश की खासियत सिर्फ उनका 248 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट या मैदान के चारों तरफ शॉट लगाने की क्षमता नहीं है बल्कि उनकी सादगी और खेल के प्रति जुनून है. एक सफल सीजन के बाद भी जिस तरह उन्होंने खुद को जमीन से जोड़े रखा और मैदान पर रनों का अंबार लगाया वह उन्हें भविष्य का असली सुपरस्टार बनाता है. आइए जानते हैं प्रियांश आर्य के बारे में अश्विन का क्या कहना है…
अश्विन ने प्रियांश के बारे में क्या कहा?
अश्विन ने अपने YouTube चैनल पर बात करते हुए अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा, ‘यह किसी एक खिलाड़ी को ऊपर उठाने और दूसरे को नीचा दिखाने के बारे में नहीं है, बल्कि प्रियांश आर्य के बारे में है… मुझे लगता है कि वह एक कदम आगे हैं यहाँ तक कि आयुष म्हात्रे या वैभव सूर्यवंशी से भी ज़्यादा. मैं कोई सीधी तुलना नहीं कर रहा हूँ, लेकिन इसका कारण यह है कि वह लगातार बड़े रन बनाते हैं और उनके पास शॉट्स की एक विस्तृत रेंज है.’
इस सीजन प्रियांश के अब तक के आंकड़े
इस सीजन में प्रियांश ने 11 गेंदों में 39 रन, 20 गेंदों में 57 रन और 37 गेंदों में 93 रन बनाए हैं. प्रियांश ने यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ़ एक सीज़न के चमत्कार नहीं हैं और एक मज़बूत सीज़न के बाद सफलता उनके सिर चढ़कर ‘अहंकार’ पैदा नहीं करती. अब तक खेले गए 5 मैचों में, प्रियांश ने 42.2 की औसत से कुल 211 रन बनाए हैं और 248 से ज़्यादा का स्ट्राइक रेट बनाए रखा है.
लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़, प्रियांश ने सिर्फ़ 37 गेंदों में 93 रनों की तूफ़ानी पारी खेली जिसमें 9 छक्के शामिल थे. यह पारी इस बात का सबूत थी कि वह दुनिया के सबसे ख़तरनाक बल्लेबाज़ों में से एक हैं. यही वजह है कि अश्विन ने प्रियांश को वैभव और आयुष दोनों से ज़्यादा विस्फोटक बल्लेबाज़ बताया है.
6 गेंदों में 6 छक्के
2024 दिल्ली प्रीमियर लीग के दौरान प्रियांश ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के ख़िलाफ एक ही ओवर में लगातार 6 छक्के लगाकर सनसनी मचा दी थी. वहीं मौजूदा IPL सीजन में ही, उन्होंने सिर्फ़ 5 मैचों में अब तक 18 छक्के जड़ दिए हैं.